मसवासी। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा काशीपुर मार्ग पर अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। जिस पर नगर पंचायत प्रशासन और दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी हुई। जिससे काफी देर तक हंगामा होता रहा।
नगर पंचायत के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी और स्वार एसडीएम यमुनाधर चौहान के नेतृत्व में गुरुवार को नगर पंचायत कर्मियों ने काशीपुर मार्ग और सदर बाजार में अस्थाई अतिक्रमण हटाया। दुकानदारों ने दुकानों के सामने स्लैब पर अस्थाई अतिक्रमण कर रखा था। दुकानों का आगे सामान रखने वाले दुकानदारों से एक-एक हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। एसडीएम ने एक दुकान पर पॉलिथीन पाए जाने पर जुर्माना वसूला। नगर पंचायत प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और दुकानदारों ने एकत्र होकर हंगामा शुरू कर दिया। दुकानदारों का आरोप था कि नगर पंचायत प्रशासन बेवजह दुकानदारों को परेशान कर रहा है। दस दुकानदारों से एक-एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अस्थाई अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर पंचायत प्रशासन के साथ पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। दुकानदारों का हंगामा बढ़ता देख नगर पंचायत कर्मी अस्थाई अतिक्रमण और दुकानदारों से जुर्माना वसूल कर वापस लौट गए। इस दौरान नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अमित चंद्रा, राजीव शर्मा, नवनीत कुमार, मोहम्मद यासीन, रूपकिशोर आदि शामिल रहे।