रामपुर। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला सहकारी बैंक सभागार में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संभ्रांतजनों के साथ बैठक की। इस मौके पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जनपद में विभिन्न त्योहारों के दौरान समरसता बनी रहे। इसके लिए समय-समय पर संभ्रान्त जनों के साथ मिलकर चर्चा की जाती है और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में समस्याओं को चिन्हित करके उनका समाधान कराते हुए शांतिपूर्ण माहौल में सभी धर्मों के त्योहार संपन्न होते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आमजन को शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है इसलिए यदि किसी व्यक्ति के द्वारा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध कार्रवाईहोगी। उन्होंने कहा कि हर धर्म व्यक्ति को समाज में बेहतर जीवन यापन करने की प्रेरणा देता है इसलिए धर्मगुरु भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के अंतर्गत लोगों को नैतिक जीवन जीने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर जनपद में विभिन्न स्थानों पर मानकों के विरुद्ध स्थापित लाउडस्पीकर हटवाए गए थे परंतु कई मामले ऐसे सामने आ रहे हैं जिनमें लोग पुन: लाउडस्पीकर स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि ऐसे लोग जिन्होंने लाउडस्पीकर हटाने के बाद पुन: स्थापित कर लिया है या उनका तेज आवाज में संचालन किया जाता है वह लोग ऐसे अनावश्यक लाउडस्पीकर तत्काल हटा ले और स्वेच्छा से नजदीकी विद्यालयों को दान कर दें ताकि लाउडस्पीकरों का सदुपयोग हो सके। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि त्योहार हमें खुश होने के लिए अवसर प्रदान करते हैं इसलिए त्योहारों में खुशियों के ऐसे अवसरों में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। हम सभी लोगों का यह नैतिक दायित्व बनता है कि एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखें और आपसी भाईचारे की भावना के साथ एक दूसरे के त्योहारों में सम्मिलित होकर सम्मान का भाव प्रकट करें। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संसार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा सहित समस्त एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण व जिले के संभ्रांत जन मौजूद रहे।