Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया: कोहली की धमाकेदार बल्लेबाजी; अर्शदीप की घातक गेंदबाजी

Wed, 04 Nov 2026 03:20 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 04 Nov 2026 03:20 PM IST
खास बातें

India vs New Zealand (IND vs NZ) 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड की पारी 185 रन पर सिमट गई। हालांकि, टारगेट रिवाइज किया गया और भारत को 32 ओवर में 143 रन बनाने थे। भारत ने यह लक्ष्य 22.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

विज्ञापन
IND vs NZ ODI Live Score: India vs New Zealand Today 1st ODI Match Scorecard Result Updates in Hindi
विराट कोहली - फोटो : ANI

लाइव अपडेट

03:12 PM, 04-Nov-2026

भारत पांच विकेट से जीता

भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत जीत के लिए 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला था। टीम इंडिया ने यह लक्ष्य 22.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अगला वनडे सात नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड की पारी 185 रन पर सिमटी थी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की पारी 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। स्कोर और भी कम होता, लेकिन आखिरी में ब्लेयर टिकनर की तूफानी पारी ने कीवियों को 180 के पार पहुंचाया। भारत को न्यूजीलैंड के शीर्षक्रम और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने इतना परेशान नहीं किया, जितना परेशन 11वें नंबर पर आए ब्लेयर टिकनर ने किया। न्यूजीलैंड का स्कोर एक वक्त नौ विकेट पर 146 रन था। इसके बाद टिकनर ने जैकब डफी के साथ 10वें विकेट के लिए 31 गेंद में 39 रन की साझेदारी निभाई। टिकनर 23 गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन की तूफानी पारी खेलकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें गुरनूर बराड़ ने विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। डफी 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टिम साइफर्ट 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन, डेरिल मिचेल 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन और ग्लेन फिलिप्स  51 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा टिकनर और डफी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। विल यंग नौ रन, हेनरी निकोल्स नौ रन, टॉम लाथम तीन रन, कप्तान मिचेल सैंटनर चार रन, नाथन स्मिथ एक रन और काइल जेमीसन एक रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बराड़ को तीन विकेट मिले। अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले।

भारत ने 22.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
जवाब में भारत की शुरुआत भी खराब रही। रोहित शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए। फिर शुभमन गिल और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। इस बीच मैच को दो बार बारिश के कारण रोकना पड़ा। पहली बार 10.5 ओवर के बाद मैच रोका गया। हालांकि, बारिश रुकी और मैच 40 ओवर का कर दिया गया। संशोधित लक्ष्य 167 रन का किया गया। हालांकि, कुछ गेंदों के बाद फिर बारिश शुरू हो गई और मैच रोकना पड़ा। बारिश जब रुकी तो एक बार फिर लक्ष्य को संशोधित किया गया। फिर भारत के सामने 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य था।

हालांकि, भारत ने 22.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। गिल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी निभाई। गिल 56 गेंद में पांच चौके की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कोहली ने वनडे करियर का 80वां अर्धशतक लगाया। वह 51 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कोहली के आउट होते ही दो और विकेट गिरे। अक्षर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे, जबकि श्रेयस 15 रन बना सके। केएल राहुल तीन रन और नमन धीर पांच रन बनाकर नाबाद रहे।
03:06 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारत को 136 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। श्रेयस अय्यर जीत से ठीक पहले आउट हो गए। वह 15 रन बना सके।
विज्ञापन
02:53 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को दो और झटके

भारत को 124 के स्कोर पर दो झटके लगे हैं। विराट कोहली 51 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डफी ने साइफर्ट के हाथों कैच कराया। फिर इसी ओवर की आखिरी गेंद पर डफी ने अक्षर को ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराया। अक्षर खाता नहीं खोल सके। फिलहाल श्रेयस अय्यर और केएल राहुल क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 19 और रन की जरूरत है।
02:44 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को 114 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। नाथन स्मिथ ने शुभमन गिल को टॉम लाथम के हाथों कैच कराया। वह 56 गेंद में 37 रन बना सके। फिलहाल कोहली 69 रन बनाकर क्रीज पर हैं। गिल ने कोहली के साथ 113 रन की साझेदारी निभाई। उनका साथ देने श्रेयस अय्यर आए हैं।
02:28 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 80वां अर्धशतक रहा। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 102 रन है। कोहली 40 गेंद में 59 रन और शुभमन गिल 50 गेंद में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गिल और कोहली के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। भारत जीत से 41 रन दूर है।
02:20 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: कोहली अर्धशतक के करीब

भारत ने 13 ओवर के बाद एक विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 31 गेंद में 38 रन और शुभमन गिल 41 गेंद में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को रिवाइज टारगेट 143 रन का मिला है। यानी टीम इंडिया को जीत के लिए 69 रन और बनाने हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
02:11 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: मुकाबला 32 ओवर का हुआ, भारत को मिला 143 रन का लक्ष्य

मैच एक बार फिर शुरू हो चुका है। बारिश के कारण भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले को 32 ओवर का कर दिया गया है। भारतीय टीम को अब जीत के लिए 32 ओवर में 143 रन बनाने होंगे। बारिश के कारण खेल रुकने से पहले भारत ने 12 ओवर में एक विकेट पर 64 रन बना लिए थे। इससे पहले एक बार और बारिश ने खलल डाला था, तब 10 ओवर घटाए गए थे और रिवाइज टारगेट 185 से 167 रन कर दिया गया था। अब फिर से ओवर्स में कटौती हुई है और टारगेट अब 167 से घटाकर 143 कर दिया गया है। यानी कुल 18 ओवर की कटौती हो चुकी है, लेकिन टारगेट के अंतर में बहुत कम अंतर आया है। 
02:00 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: मैदान से कवर्स हटे, जल्द शुरू हो सकता है मुकाबला

स्थानीय समयानुसार रात 9:28 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 1:58 बजे) मैदान से कवर्स हटा दिए गए हैं। बारिश रुकने के बाद अब मुकाबला जल्द दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। बारिश के कारण ओवरों में कटौती के साथ भारत के लक्ष्य में भी बदलाव हुआ है। अब कितने ओवर का खेल होगा, इसके आधार पर भारतीय टीम के सामने संशोधित लक्ष्य तय किया जाएगा। फिलहाल मैदान से कवर्स हटने के बाद खिलाड़ियों के जल्द मैदान पर लौटने की उम्मीद है।

भारत के संशोधित लक्ष्य

ओवरों में कटौती

कुल ओवर

भारत का लक्ष्य

5 ओवर

35 ओवर

153 रन

10 ओवर

30 ओवर

136 रन

15 ओवर

25 ओवर

115 रन

20 ओवर

20 ओवर

89 रन

 

01:52 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: क्या रद्द होगा मैच, क्या कहते हैं नियम?

वनडे क्रिकेट में बारिश या किसी अन्य कारण से खेल बाधित होने पर डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा कर रही टीम के लिए मैच का आधिकारिक परिणाम घोषित करने की एक न्यूनतम सीमा निर्धारित है। वनडे मुकाबले में दूसरी पारी के दौरान कम से कम 20 ओवर का खेल होना जरूरी है। इसके बाद ही बारिश के कारण मैच समाप्त होने की स्थिति में डकवर्थ लुईस नियम के तहत विजेता तय किया जा सकता है।

1. दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे होने से पहले मैच रुका तो क्या होगा?
अगर लक्ष्य का पीछा कर रही टीम दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे करने से पहले ही बारिश या किसी अन्य कारण से मैच दोबारा शुरू नहीं कर पाती है, तो मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकलेगा। इसे 'बेनतीजा' (नो रिजल्ट) घोषित किया जाएगा।
 

  • अगर दूसरी पारी में 19.5 ओवर का खेल हुआ है और इसके बाद बारिश के कारण मुकाबला पूरी तरह रद्द हो जाता है, तब भी मैच का नतीजा घोषित नहीं किया जा सकता।
  • भले ही लक्ष्य का पीछा कर रही टीम निर्धारित रन रेट से काफी आगे चल रही हो, 20 ओवर पूरे होने से पहले DLS के आधार पर उसे विजेता नहीं माना जा सकता।
  • इस नियम के तहत दूसरी पारी में कम से कम 120 वैध गेंदें फेंका जाना जरूरी है।

2. दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे होने के बाद मैच रुका तो क्या होगा?
जैसे ही दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे हो जाते हैं, मुकाबले का आधिकारिक परिणाम घोषित किया जा सकता है। अगर इसके बाद बारिश के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाता है, तो डीएलएस नियम के तहत दोनों टीमों के स्कोर की तुलना की जाएगी। इसमें लक्ष्य का पीछा कर रही टीम के वास्तविक स्कोर की तुलना उस समय के पार स्कोर (पार स्कोर) से होगी। यह पार स्कोर डीएलएस गणना के आधार पर तय किया जाता है। इसमें बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध ओवर, बचे हुए विकेट और बनाए गए रन जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है।
 
  • अगर लक्ष्य का पीछा कर रही टीम का स्कोर DLS पार स्कोर से अधिक है, तो उसे विजेता घोषित किया जाएगा।
  • अगर उसका स्कोर पार स्कोर से कम है, तो दूसरी टीम जीत जाएगी।
  • अगर दोनों टीमों का स्कोर बराबर है, तो मुकाबला टाई होगा।

3. डीएलएस में पार स्कोर क्यों महत्वपूर्ण होता है?
डीएलएस नियम के तहत पार स्कोर लगातार बदलता रहता है। यह हर गेंद और हर विकेट के साथ बदल सकता है। इसलिए बारिश की आशंका होने पर टीमें और ड्रेसिंग रूम में मौजूद विश्लेषक डीएलएस के संभावित आंकड़ों पर नजर रखते हैं। उदाहरण के लिए, लक्ष्य का पीछा कर रही टीम को बारिश से पहले यह देखना होता है कि वह निर्धारित समय पर डीएलएस पार स्कोर से आगे है या पीछे। अगर टीम पार स्कोर से पीछे है और बारिश के कारण मैच समाप्त हो जाता है, तो उसे नुकसान उठाना पड़ सकता है।

4. विकेट गिरने का भी पड़ता है असर
डीएलएस नियम में सिर्फ बनाए गए रन और खेले गए ओवर ही महत्वपूर्ण नहीं होते, बल्कि बचे हुए विकेट भी अहम भूमिका निभाते हैं। कम विकेट गंवाने वाली टीम के पास लक्ष्य हासिल करने के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध माने जाते हैं। अगर कोई टीम शुरुआती ओवरों में जल्दी-जल्दी विकेट गंवा देती है, तो डीएलएस गणना में उसके उपलब्ध संसाधन कम हो जाते हैं। इससे पार स्कोर और संशोधित लक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं। यही वजह है कि बारिश की आशंका वाले मुकाबलों में बल्लेबाजी करते समय विकेट बचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना तेजी से रन बनाना।
01:42 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: बारिश ने फिर रोका खेल

बारिश के कारण फिर खेल रोक दिया गया है। 10.5वें ओवर में पहली बार खेल रुका था बारिश की वजह से। इसके बाद 10 ओवर की कटौती की गई और मैच को 40 ओवर का कर दिया गया। मैच दोबारा दोपहर 1:35 बजे चालू हुआ। एक ओवर का और खेल हुआ ही था कि बारिश ने फिर खलल डाला और मैच को फिर से रोक दिया गया है। बारिश 12वें ओवर की पांचवीं गेंद के बाद ही तेज हो गई थी। विराट कोहली और शुभमन गिल बल्लेबाजी जारी रखने के पक्ष में नहीं थे। विराट ने मुस्कुराते हुए फील्ड अंपायर पॉल राइफल से कहा कि साइटस्क्रीन की तरफ देखिए, गेंद दिखाई नहीं दे रही है। गिल ने भी स्क्वायर लेग अंपायर के सामने अपनी परेशानी रखी। हालांकि, अंपायर पहले ओवर पूरा कराना चाहते थे।

गिल की शिकायत के बाद खिलाड़ी मैदान से लौटे
ब्लेयर टिकनर के 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल ने एक रन लिया। इस दौरान गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटकीपर टॉम लाथम के बाईं ओर गिरी। लाथम ने गेंद पकड़ने के लिए डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनसे थोड़ा पहले ही जमीन पर गिर गई। अगर यह कैच हो जाता तो मुकाबले में रोमांचक मोड़ आ सकता था। गिल और जेमीसन के बीच कुछ बात भी हुई। पिच को कवर्स से ढक दिया गया है।

ओवर समाप्त होने के बाद खिलाड़ी एक बार फिर मैदान से बाहर चले गए। शुभमन गिल खराब रोशनी से काफी नाराज नजर आए। उन्होंने अंपायरों से लंबी बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें गेंद ठीक से दिखाई नहीं दे रही है। बारिश के कारण खेल रुकने तक भारत ने 12 ओवर में एक विकेट पर 64 रन बना लिए थे। शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर थे। भारत को जीत के लिए 103 रन और बनाने थे। न्यूजीलैंड ने 185 रन बनाए थे। हालांकि, दोबारा चालू होने के बाद टारगेट रिवाइज किया गया था और भारत को 40 ओवर में 167 रन बनाने थे। इस हिसाब से भारत को 103 और रन बनाने हैं।

Load More
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed