Azam Khan News: घर से बाहर नहीं निकले सपा नेता, गेट पर समर्थकों का लगा जमावड़ा, चुनिंदा लोगों से की मुलाकात
सपा नेता आजम खां 23 माह चार दिन बाद सीतापुर जेल से रिहा होकर मंगलवार शाम रामपुर पहुंचे। उनका सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बुधवार को आजम खां घर के भीतर ही रहे और केवल चुनिंदा लोगों से मुलाकात की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेल से रिहा होने के बाद घर पहुंचे सपा नेता आजम खां बुधवार को भीतर ही रहे। उनसे मिलने के लिए समर्थकों की भीड़ लगातार उनके आवास पर लगी रही। सुबह से ही मिलने के लिए आते रहे। सपा नेता ने कुछ चुनिंदा लोगों से ही मुलाकात की। इस दौरान दूसरे जिले से आए समर्थक इंतजार करते हुए नजर आए।
इससे पहले सपा नेता आजम खां 23 माह चार दिन बाद सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे। जिले की सीमा में घुसते ही सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान आजम के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई। आजम ने भी हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। सपा नेता आजम खां का काफिला सीतापुर जेल से मंगलवार दोपहर चलकर शाम करीब चार बजे मिलक की सीमा में पहुंचा।
वहां कार्यकर्ताओं ने मिलक में उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ता गया और शाम करीब 5.30 बजे उनके आवास पर पहुंच गया। सफेद कार में सवार सपा नेता के स्वागत के लिए उनके आवास के पास सैकड़ों लोगों की भीड़ सुबह से ही डटी थी। जैसे ही उनका काफिला सीधे तौर पर जेल रोड स्थित आवास की ओर बढ़ा कार्यकर्ताओं का जोश भी इसी तरह बढ़ता गया।
पांच सौ मीटर की दूरी तय करने में सपा नेता को करीब 45 मिनट का समय लग गया। कार्यकर्ताओं की बहुत भीड़ के आगे पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए। भीड़ के बीच घर के पास ही सपा नेता अपनी गाड़ी से बाहर निकले और कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं में भी जबर्दस्त उत्साह देखा गया। बाद में सपा नेता पैदल ही अपने घर की तरफ चले गए। उनके स्वागत के लिए रामपुर से ही नहीं बल्कि प्रदेश के दूसरे जिलों से भी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे।
आसपास के घरों की छतों पर भी रही भीड़
जेल रोड स्थित आवास पर पहुंचे सपा नेता को देखने के लिए महिलाओं में भी खासा उत्साह देखा गया। महिलाओं ने घरों की छतों पर खड़े होकर स्वागत किया।
आजम के घर से चौराहे तक तैनात रही पुलिस, खुफिया टीम भी सक्रिय
आजम की रिहाई को लेकर जिले की पुलिस टीम और खुफिया तंत्र सोमवार रात से ही सक्रिय हो गया। आजम खां के घर पहुंचने तक पुलिस अमला सक्रिय रहा। एसपी विद्या सागर मिश्र कंट्रोल रूम में बैठकर इसकी निगरानी करते रहे। उधर, जिले के कई थानों की पुलिस को शहर और बरेली-रामपुर रोड पर तैनात किया गया था। मिलक से लेकर रामपुर तक आजम खां में काफिले में शामिल वाहनों को कई जगह रोका गया। बरेली-रामपुर बॉर्डर पर पुलिस ने आजम खां का काफिला रोका।
इसके बाद पांच-पांच गाड़ियों को 20 से 30 मिनट के अंतराल पर शहर में प्रवेश करने दिया गया। रेलवे स्टेशन से लेकर गांधी समाधि तक चौराहे, तिराहे पर पुलिस फोर्स तैनात रही। आजम के शहर में दाखिल होते ही कोतवाल आजम खां के घर के पास अपनी गाड़ी से भीड़ हटाते देखे गए। उधर, पुलिस ने जेल के पास बने चौराहे से आजम के घर तक एक तरफ की सड़क को वन वे कर दिया। इस दौरान इस सड़क से वाहन और पैदल जाने वालों को रोक दिया गया।
आजम खां के समर्थकों ने कहा कि उनके वाहन को मिलक से लेकर रामपुर आने तक पांच जगह रोका गया। कई लोग नाली में गिरे, कुछ के जूते-चप्पल छूटे : आजम खां का काफिला जैसे ही घर के पास पहुंचा तो लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान उनके कुछ समर्थक वाहन के लिए रास्ता बनाने लगे। रास्ता बनाने के दौरान कई लोग कई बार धक्का लगने के कारण नाली में गिर गए। कई लोगों के चप्पल-जूते मौके पर ही छूट गए।
सपा ने आजम खां की रिहाई को बताया न्याय की जीत
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय सागर ने पूर्व मंत्री आजम खां की जमानत पर रिहाई को न्याय की जीत बताते हुए कहा है कि इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विरोधियों पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है। सागर ने कहा कि आजम खां पर लगाए गए मुकदमे भी झूठे हैं और अदालत ने उन्हें कई मामलों में निर्दोष साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास है कि अदालत में सत्य की ही जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से सपा को पूरे प्रदेश में लाभ मिलेगा।
सेल्फी लेने वालों की लगी रही भीड़
आजम के साथ फोटो खिंचवाने और तस्वीर लेने वाले उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ गई। जैसे ही आजम खां का काफिला उनके घर के पास स्थित जेल के गेट पर पहुंचा तो उनके समर्थकों ने वाहनों को घेर लिया। कोई वीडियो बनाने लगा तो कोई कार के बाहर खड़े होकर सेल्फी ने लगा।
सपा छोड़कर किसी दल में नहीं जाएंगे आजम: शिवपाल
मंगलवार को शिवपाल सिंह ने आजम खां की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद दिया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खां सपा को छोड़कर किसी अन्य दल में नहीं जाएंगे। शहर स्थित चौगुर्जी आवास पर मंगलवार को शिवपाल सिंह ने पत्रकारों से कहा कि सरकार ने आजम खां को झूठे मुकदमों में फंसाया था।
23 महीने बाद सीतापुर जेल से आजम की रिहाई हुई है। यह लोकतंत्र और न्याय की जीत है। आजम के दूसरे दलों में शामिल होने की खबरें झूठी हैं। केवल अफवाह फैलाई जा रही है। दावा किया कि सपा अपने वरिष्ठ नेता के साथ मजबूती से खड़ी है।