UP: रायबरेली में कलयुगी पिता की करतूत, दाल में जहरीला पदार्थ मिलाकर बेटों को खिलाया; इस हरकत से पकड़ा गया
शराब के लिए पैसे न मिलने से नाराज एक व्यक्ति ने कथित रूप से भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर अपने दो मासूम बेटों को खिला दिया। समय पर इलाज से दोनों बच्चों की जान बच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी।
विस्तार
पत्नी के शराब पीने के लिए पैसा नहीं दिया तो पति ने मंगलवार को अरहर की दाल में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद आरोपी पिता मौके से भाग निकला। हालत बिगड़ने पर मां ने बच्चों को सीएचसी पहुंचाया तो खुलासा हुआ कि बच्चों ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। मां की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
गुनावर कमंगलपुर गांव की सोहिनी के मुताबिक उसका पति सुरेश पासी शराब का आदी है। अक्सर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। घरेलू विवाद के कारण वह अलग रह रहा था। सुबह वह घर में अरहर की दाल और भोजन बनाकर खेत में धान की रोपाई करने चली गई थी। घर पर उसके बेटे दिव्यांश (6) और श्रीयांश (5) मौजूद थे।
पड़ोसी ने दी पुलिस को सूचना
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी सुरेश ने अरहर की दाल में जहरीला पदार्थ मिला दिया। बच्चों ने भोजन किया तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसी दौरान इस घटना की जानकारी पड़ोसी को हुई तो उन्होंने सोहिनी के अलावा यूपी-112 पुलिस को सूचना दी।
बेटों की हालत बिगड़ने पर सोहिनी धान की रोपाई का कार्य छोड़कर घर आई। पुलिस की मदद से बच्चों को सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया। सीएचसी के डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की वजह से बच्चों की हालत बिगड़ने की बात बताई।
हालांकि इलाज के बाद बच्चों की हालत में सुधार हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने बच्चों को जान से मारने की नीयत से भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाया था। ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जांच में बच्चों को जहरीला पदार्थ दिए जाने की घटना सही पाई गई है। आरोपी सुरेश पासी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे पकड़ लिया गया है। जांच में पता चला है कि आरोपी पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगता था। पैसा नहीं देने पर बदला लेने की नियत से बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने का प्रयास किया।
शराब की लत ने परिवार की खुशियां बिखेरी
शराब की लत ने हंसते खेलते परिवार की खुशियों को बिखेर दिया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक माह से सोहिनी झोपड़ी बनाकर घर के बाहर बच्चों के साथ रहती है। बड़ी बेटी शिवानी (8) को बछरावां इलाके के सिगरनखेड़ा गांव में मायके भेज दिया है। इसके बावजूद पति उसे शराब के नशे में आकर परेशान कर रहा था। शराब पीने के लिए पैसा मांगता।
न देने पर मारपीट करता। खास बात ये रही कि सोहिनी को लगा कि सबकुछ ठीकठाक हो जाएगा। वह पति का उत्पीड़न सहती रही। बात बच्चों के जहरीला पदार्थ खिलाने की पहुंची तो उसका सब्र का बांध टूट पड़ा। उसने थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करा दिया।
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह बताते हैं कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चों को उल्टी करा दी। इससे जहरीला पदार्थ का असर कम हो गया। पति से घटना के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वह कुछ बताने के लिए तैयार नहीं हुआ। सुबह से ही उसने शराब पी रखी थी।