पार की हदें : झगड़े की सूचना पर गांव पहुंचे सिपाही ने पकड़ लिया किशोरी का हाथ, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मामला कंधई थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव का है। शुक्रवार को यहां दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसकी सूचना पर सिपाही अनिल कुमार गांव में पहुंच गया और झगड़ा शांत कराने लगा। इसी दौरान सिपाही ने अपने ननिहाल आई एक 15 साल की किशोरी का हाथ पकड़ लिया और उससे अमर्यादित आचरण करते हुए उसे जबरन थाने ले जाने का प्रयास करने लगा।
विस्तार
कंधई थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर में गांव में पड़ोसियों के बीच मारपीट की सूचना पर गांव में पहुंचे सिपाही ने एक किशोरी का हाथ पकड़ लिया। यही नहीं उसने अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट भी की। घटना का वीडियो और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सिपाही किशोरी का हाथ पकड़कर उसे जबरन थाने लाने का प्रयास करने लगा। परिवार के लोगों ने सिपाही के इस कृत्य की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।
मामला कंधई थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव का है। शुक्रवार को यहां दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसकी सूचना पर सिपाही अनिल कुमार गांव में पहुंच गया और झगड़ा शांत कराने लगा। इसी दौरान सिपाही ने अपने ननिहाल आई एक 15 साल की किशोरी का हाथ पकड़ लिया और उससे अमर्यादित आचरण करते हुए उसे जबरन थाने ले जाने का प्रयास करने लगा। सिपाही के इस आचरण पर वहां परिजनों ने काफी विरोध जताया।
इसी तरह सिपाही ने किशोरी का हाथ छोड़ा। घटना का वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लोग सिपाही के कृत्य की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही प्रतापगढ़ पुलिस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों ने इसकी शिकायत एसपी से की है।
इस संबंध में कधंई के थानाध्यक्ष अवन कुमार दीक्षित ने कहा कि कस्तूरी पुर गांव में झगड़े दौरान पुलिस पहुंची थी। सिपाही वीडियो बना रहा था। किशोरी हाथ से मोबाइल छीनने लगी। मोबाइल बचाने के दौरान यह हुआ है। हाथ पकड़ने की बात गलत है। मारपीट के मामले में दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान किया गया है।