Pilibhit News: शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का फूटा गुस्सा, आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग
पीलीभीत के कलीनगर क्षेत्र के नवदिया गांव में सोमवार को आबादी क्षेत्र में शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने दुकान हटाने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान से गांव का माहौल बिगड़ रहा है। पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
विस्तार
पीलीभीत के कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव नवदिया में सोमवार दोपहर आबादी क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने दुकान का घेराव कर प्रदर्शन किया। दुकान के बाहर लगे बैनर फाड़ डाले। कुछ देर के लिए शराब की बिक्री ठप करा दी। महिलाओं ने दुकान को रिहायशी इलाके से हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। 15 दिन में समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन मिलने पर महिलाएं वहां से हटने को तैयार हुईं।
नवदिया गांव में मुख्य मार्ग पर शराब की दुकान संचालित है। आबादी क्षेत्र होने के चलते महिलाओं का भी उधर से आना जाना लगा रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि आबादी के बीच शराब की दुकान होने से गांव का माहौल बिगड़ रहा है। नशाखोरी के अलावा आए दिन घरों में विवाद, मारपीट और पारिवारिक कलह की घटनाएं हो रही हैं। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।
पुलिस ने महिलाओं को कराया शांत
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकान नहीं हटाई गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। सूचना पर माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया और उनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
आबकारी अधिकारी दीपक राय ने बताया कि महिलाओं के विरोध की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करा दी है। उन्होंने बताया कि 15 दिन का समय लिया गया है। जल्द ही आबकारी विभाग की टीम मौके का निरीक्षण करेगी और जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।