SIR: पीलीभीत में मतदाताओं के मन में कई सवाल, सूची में तलाश रहे नाम
पीलीभीत जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण( एसआईआर) अभियान चल रहा है। इसे लेकर मतदाताओं के मन में कई सवाल है। सूची में नाम, गणना प्रपत्र भरने और कई अन्य बातें परेशान कर रही हैं।
विस्तार
पीलीभीत जिले में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण( एसआईआर) अभियान को लेकर मतदाताओं के मन में कई सवाल हैं। सूची में नाम, गणना प्रपत्र भरने और कई अन्य बातें परेशान कर रही हैं। बीएलओ, उनके सवालों के जवाब तो दे रहे हैं लेकिन मतदाताओं की शंका का अभी पूरी तरह समाधान नहीं हो पा रहा है। कुछ मतदाताओं तक अभी बीएलओ ही नहीं पहुंचे हैं। कुछ को गणना प्रपत्र का इंतजार है। हालांकि प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए इंटर कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शिविर लगाकर गणना प्रपत्र डिजिटाइज कराने का काम किया है।
बीसलपुर में मतदाताओं के मन में तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। बीएलओ और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मतदाताओं को समझा रहे हैं। इस कार्य में बीएलओ, पर्यवेक्षक, निरीक्षक, लेखपाल ,राजस्व निरीक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी, नायब तहसीलदार, तहसीलदार और एसडीएम लगे हुए हैं। रोज शाम को समीक्षा हो रही है। एसआईआर प्रक्रिया में समस्याएं भी आ रही हैं। जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं का निस्तारण करने में लगे हुए हैं।
राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक फॉर्म लेकर बीएलओ नहीं आए हैं। घर पर कई दिन से इंतजार कर रहा हूं। अब बीएलओ को ढूंढना पड़ेगा। प्रवीण किशोर गुप्ता ने कहा कि घर के बाहर किराने की दुकान है। अभी तक बीएलओ नहीं आए हैं। बीएलओ का इंतजार है। फॉर्म हर हाल में भरकर जमा करना है।
लापरवाह पर्यवेक्षकों और बीएलओ को जारी किए जा रहे नोटिस
एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने बताया कि एसआईआर का कार्य करने में लगे कुछ पर्यवेक्षक और बीएलओ लापरवाही कर रहे हैं। उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं। इस कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुरानी और नई वोटर लिस्ट में नाम न मिलने से काट रहे चक्कर
बरखेड़ा में पुरानी नई वोटर में नाम न मिलने से लोगों को कई बार चक्कर काटने पड़ रहे। बीएलओ का स्थायी तौर पर न बैठना भी एक समस्या बना है। घर-घर जाने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई। लोगों को असुविधा न हो इसके लिए जनता इंटर कॉलेज में शिविर लगाकर बीएलओ फार्म भरवाने का कार्य करते रहे। पूरे कस्बे की वोटर लिस्ट को एक दीवार पर चस्पा है। लोगों से अपने नाम को ढूंढ कर लाने को कहा गया।
ऐसे में अशिक्षित लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। नायब तहसीलदार परितोष द्विवेदी ने बताया कि कुछ परेशानी को देखते हुए शनिवार को सभी बीएलओ को एक जगह एकत्र कर दिया है। अनपढ़ लोगों की सुविधा के लिए रविवार से लेखपाल और सफाई कर्मी को तैनात किया जाएगा। अब तक 456 फार्मों को एकत्र कर लिया है।
मोहम्मद रियाज ने कहा कि वह वार्ड संख्या 10 के निवासी हैं। घर पर कोई फार्म नहीं पहुंचा है। दो दिन से पता लगा रहे हैं लेकिन वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिल रहा। भुनगा देवी ने कहा कि वार्ड संख्या दो की सूची में नाम नहीं मिल पा रहा है। दो दिन हो गए हैं। इसलिए परेशानी है। इसका समाधान कराया जाना चाहिए। नत्थूलाल ने कहा कि मेरा नाम भी सूची में नहीं मिल सका है। वार्ड संख्या तीन में रहता हूं। बीएलओ एक से दूसरे काउंटर पर भेज देते हैं।
घुंघचाई: फॉर्म भरने में हो रही दिक्कत
घुंघचाई क्षेत्र में एसआईआर के तहत फॉर्म का वितरण कर दिया गया है। अनेक लोगों को फॉर्म के कॉलम समझ में नहीं आ रहे हैं। बीएलओ के माध्यम से घर-घर लोगों के फॉर्म बांटे गए हैं। कई लोगों का कहना है कि फॉर्म को भरने में दिक्कतें हो रही हैं। रामबाबू ने कहा कि चुनाव आयोग का यह कार्य ठीक तो है लेकिन फॉर्म भरने में दिक्कत आ रही है। इस दिक्कत को दूर कराया जाना चाहिए। जसवीर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण तो सही है। दो फॉर्म दे दिए गए हैं। उनके भरने में समस्याएं आ रही हैं। लोग फर्म को भरवाने के लिए भटक रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के आदेश पर चल रही एसआईआर की प्रक्रिया में बीएलओ की जिम्मेदारी है कि वह प्रत्येक मतदाता का फॉर्म भरवाकर उसे चार दिसंबर तक जमा करवा लें। किसी मतदाता को अब तक प्रपत्र नहीं मिला है तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। प्रत्येक मतदाता को एसआईआर फॉर्म भरना अनिवार्य है। बीएलओ हर मतदाता के लिए दो फॉर्म देंगे। दोनों फॉर्म पर पासपोर्ट साइज तस्वीर लगानी है। दोनों फॉर्म पर सदस्य के हस्ताक्षर होंगे। एक फॉर्म बीएलओ साथ ले जाएंगे, दूसरा फॉर्म मतदाता के पास रहेगा। मतदाता के पास रहने वाले फॉर्म पर बीएलओ के हस्ताक्षर होंगे।
एसआईआर की जानकारी हेतु दूरभाष नंबर
टोल फ्री नंबर- 1950
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर - 299448
प्रभारी अधिकारी कंट्रोल रूम नंबर - 9917025333
सहायक अधिकारी कंट्रोल रूम नंबर - 9415148194
जिला निर्वाचन अधिकारी - 9454417526
उप जिला निर्वाचन अधिकारी - 9454417597
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी - 9454418037
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा -127 - 9454415872 (पीलीभीत)
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा -128 - 9454415862(बरखेड़ा)
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा -129 - 9454415864(पूरनपुर)
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा -130- 9454415863(बीसलपुर)