पीलीभीत: मामूली कहासुनी के बाद ग्रामीण की हत्या, दबंगों ने महिलाओं और बच्चियों को भी पीटा
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा क्षेत्र में शनिवार रात बाइक छीनने पर हुए विवाद में एक ग्रामीण की हत्या कर दी गई। आरोप है कि आरोपियों ने ग्रामीण को अपने घर में खींचकर पीटा। बचाने पहुंचीं परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद आरोपी भाग गए। पीड़ित परिवार ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
विस्तार
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा क्षेत्र की करोड़ चौकी के ग्राम सिसईया में शनिवार शाम मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद में 38 वर्षीय ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दबंगों ने ग्रामीण को बाइक से खींचने के बाद अपने घर के अंदर ले जाकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। बचाने पहुंचीं उसकी भतीजी समेत परिवार की महिलाओं और दो नाबालिग बच्चियों से भी मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की बहन मंजू देवी के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे संजय कुमार उर्फ छोटेलाल बाइक से पड़ोस के गांव भूड़ा जा रहा था। गांव में कन्हई लाल के घर के सामने पहुंचने पर किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्हई लाल और उसके परिजनों ने संजय को बाइक से खींच लिया और थप्पड़, लात-घूंसों से मारपीट करने के बाद उसकी बाइक अपने कब्जे में ले ली।
संजय किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। उस समय घर के पुरुष मौजूद नहीं थे। इसके बाद परिवार की महिलाएं संजय को साथ लेकर बाइक वापस मांगने कन्हई लाल के घर पहुंचीं। आरोप है कि महिलाओं को देखकर कन्हई लाल, उसका पुत्र वीरपाल और अन्य लोग भड़क गए। उन्होंने संजय को जबरन घर के अंदर खींच लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट में दो बच्चियां भी घायल
संजय को बचाने उसकी भतीजी और अन्य महिलाएं पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान दो नाबालिग बच्चियां भी घायल हो गईं। आसपास के ग्रामीणों के पहुंचने पर किसी तरह संजय को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया गया।
गंभीर हालत में परिजन संजय को घर लाए। वह बेहोशी की हालत में थे। परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आरोप: सूचना के बाद समय पर नहीं पहुंची पुलिस
ग्रामीणों ने डायल 112 की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सूचना के बाद पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे हमलावरों को फरार होने का मौका मिल गया। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक की पत्नी की ओर से पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया विवाद के पीछे शराब के नशे की बात सामने आ रही है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मामले में पुलिस जांच के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।