Pilibhit News: चुनावी रंजिश में पिता की हत्या, दो पुत्र गंभीर घायल, आरोपियों ने रास्ते में घेरकर किया हमला
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात हुई। चुनावी रंजिश में आरोपियों ने पिता-पुत्रों पर हमला कर दिया। पीट-पीटकर पिता की हत्या कर दी। दोनों पुत्र गंभीर घायल हुए हैं।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रमपुरा नौगमा में बृहस्पतिवार दोपहर पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर आरोपियों ने ग्रामीण की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हमले में मृतक के दोनों पुत्र भी गंभीर घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
कोतवाली के गांव रमपुरा नौगमा निवासी श्रीकृष्ण ने बताया कि उनके भाई सुरेश चंद्र (46 वर्ष) बृहस्पतिवार दोपहर खेत से लौट रहे थे। उनके पुत्र देवेंद्र कुमार और जितेंद्र कुमार भी साथ थे। रास्ते में पहले से ही घात लगाए खड़े गांव के ही आरोपियों ने पिता और पुत्रों को घेर लिया। लाठी-डंडा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता-पुत्रों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। हमलावर गलियों से होकर भाग गए।
यह भी पढ़ें- दर्दभरी कहानी: घर बेच बेटे को लंदन में पढ़ाया, उसने बुढ़ापे में अकेला छोड़ा, वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर पिता
एक घायल की हालत गंभीर
घायलों को आनन-फानन सीएचसी में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य केंद्र वालों ने घायलों की मरहम पट्टी करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुरेश चंद्र (46) की मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। गंभीर घायल देवेंद्र और जितेंद्र का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
वोट न देने पर रंजिश मानते थे आरोपी
घटना से मृतक के घर कोहराम मचा है। घर की महिलाओं ने बताया कि इससे पहले होली पर दूसरे पक्ष के लोगों ने कहासुनी के विवाद पर घर में घुसकर हमला किया था। गांव के लोगों ने बीच बचाव कर दिया था। बताया कि आरोपी पक्ष ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था। सुरेश ने दूसरे पक्ष को वोट दिया था। इसी बात से आरोपी उनसे रंजिश रखते थे। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनकी जान ले ली। सीओ बीसलपुर प्रतीक दहिया ने बताया कि मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत हुई है। मारपीट का मुकदमा दोपहर में ही दर्ज किया गया था। जांच की जा रही है।