Pilibhit News: बरखेड़ा में ग्रामीण की पीटकर हत्या, हमलावरों ने रिश्तेदार को किया घायल; पुलिस जांच में जुटी
पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में रिश्तेदार के साथ बरेली से लौट रहे ग्रामीण पर हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने ग्रामीण को पीट-पीटकर मार डाला। घटना में उसका रिश्तेदार घायल हुआ है।
विस्तार
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव ललौरगुदरानपुर निवासी भगवान दास की कुछ लोगों ने पीटकर हत्या कर दी। उनके रिश्तेदार को भी घायल कर दिया। भगवान दास पर शुक्रवार देर शाम उस वक्त हमला किया गया, जब वह रिश्तेदार के साथ बाइक से बरेली से लौट रहे थे।
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव ललौरगुदरानपुर निवासी भगवान दास शुक्रवार सुबह बरेली के थाना क्योलड़िया निवासी अपने रिश्तेदार भगवान दास पुत्र ओमप्रकाश के साथ बाइक से बरेली गए थे। काम निपटाने के बाद शाम छह बजे वह रिश्तेदार के साथ लौट रहे थे।
ये भी पढ़ें- गैरमर्द के लिए उजाड़ लिया सुहाग: महिला ने पति के कुल्हाड़ी से किए छह टुकड़े, शव का ऐसा हाल देख कांप गया कलेजा
इसी बीच गांव से करीब 500 मीटर पहले कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने भगवान दास की पीटकर हत्या कर दी, जबकि उनके रिश्तेदार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
इस मामले में भाई ओमकार की तरफ से अरविंद, हरपाल, अनिल, बुद्धपाल, खंडारीलाल के अलावा थानाक्षेत्र के ग्राम नरायनपुर निवासी हरिशंकर के खिलाफ तहरीर दी गई है। तहरीर में बताया गया कि भगवानदास के बेटे संजीव की शादी बरेली के एक गांव में हुई है। संजीव की साली यहां आई तो अनिल ने उसका नंबर हासिल कर लिया।
इसके बाद वह साली के नंबर पर अश्लील फोटो व मैसेज भेजने लगा। संजीव ने यह बात अपने पिता भगवान दास को बताई। इसके बाद प्रधान के पति के यहां पंचायत हुई। इसी को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया है कि घटना की जानकारी मिल गई है, मामले की जांच की जा रही है।