पीलीभीत: देवहा नदी के किनारे कंकाल मिलने से फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
बरखेड़ा थाना क्षेत्र में देवहा नदी किनारे बुधवार सुबह मिट्टी में मानव कंकाल दबा मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विस्तार
पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में देवहा नदी के किनारे बुधवार सुबह मिट्टी में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल मिलने की सूचना गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक नदी किनारे खेतों पर काम करने पहुंचे कुछ ग्रामीणों की नजर मिट्टी में दबे कंकाल के हिस्से पर पड़ी। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में यह खबर क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी होने के बावजूद शुरुआती तौर पर किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में मामले की जानकारी सामने आने पर पुलिस का ध्यान इस ओर गया। मौके पर पहुंचने के बाद कंकाल को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए।
शव बहकर आने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शव नदी के बहाव के साथ बहकर किनारे तक पहुंचा और मिट्टी में धंसकर कंकाल बन गया। सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि शव की पहचान, मृत्यु का कारण और घटना का वास्तविक समय पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों से भी गुमशुदगी अथवा अज्ञात व्यक्ति से संबंधित मामलों की जानकारी जुटा रही है।