Pilibhit News: रेलवे क्रॉसिंग के पास दंपती से लूट, विरोध पर पति को पीटा, कार सवारों ने की वारदात
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने रविवार रात लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बाइक सवार दंपती को निशाना बनाया। विरोध करने पर पीटकर घायल कर दिया।
विस्तार
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में रविवार की रात बाइक सवार दंपती से लूटपाट की गई। कार सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर पीड़ित को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अमरिया थाना क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी तसदीक अहमद ने बताया कि वह रविवार रात पत्नी सबाना को शहर के निजी अस्पताल से दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब दस बजे जब वह जहानाबाद क्षेत्र की रेलवे क्रॉसिंग के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी कार सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आईफोन और पर्स लूट ले गए बदमाश
आरोप है कि बदमाशों ने उनसे आईफोन 16 प्रो, दो हजार रुपये नकद, पत्नी का पर्स और नाक का फूल छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तसदीक को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से भाग गए।
यह भी पढ़ें- UP: भिवानी कोर्ट में कत्ल और पुर्तगाल कनेक्शन... अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर गोलीबारी में नया मोड़; पूरी कहानी
घायल तसदीक उनकी पत्नी के साथ रात में जहानाबाद थाने पहुंचे और पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। इस पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
पीड़ित दंपती ने मामले की तहरीर जहानाबाद थाने में दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। लुटेरों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।