पीलीभीत में छात्र की मौत: नहाते समय खारजा नहर में डूबा रूपेंद्र, 23 घंटे बाद मिला शव, परिजन हुए बदहवास
पूरनपुर के कायस्थान मोहल्ले का छात्र रविवार को दोस्तों के साथ बाइफरकेशन पर घूमने गया था। वहां खारजा नहर में नहाते समय डूबने से उसकी मौत हो गई। 23 घंटे बाद गोताखोरों ने उसका शव नहर से निकाला।
विस्तार
पीलीभीत के साइफन इलाके के निकट रविवार को खारजा नहर में डूबे किशोर का शव 23 घंटे बाद नहर से बरामद हुआ। सोमवार को पुलिस और परिजन की मौजूदगी में चले तलाशी अभियान के बाद गोताखोरों ने शव को नहर से बाहर निकाला। छात्र का शव देख परिजन बदहवास हो गए।
पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी अनिल कुमार सिंह का सबसे छोटा 15 वर्षीय पुत्र रूपेंद्र अपने दोस्त नितिन व एक अन्य के साथ रविवार को बाइक से घूमने के लिए बाइफरकेशन गया था। दोपहर करीब 12.30 बजे तीनों दोस्त बाइफरकेशन में घूमे। इसके बाद करीब एक बजे तीनों दोस्त हल्दीडेंगा क्षेत्र में स्थित साइफन इलाके में पहुंचे।
ये भी पढ़ें- लव स्टोरी में ट्विस्टः गैर समुदाय के युवक से शादी करेंगी महिला दरोगा; भाई बोला- ब्रेनवॉश किया गया
वहां पहले से ही कुछ लोग नहा रहे थे। रूपेंद्र और उसका दोस्त नितिन भी खारजा नहर में नहाने के लिए उतर गए। पानी में जाते ही दोनों डूबने लगे। शोरशराबा करने पर वहां मौजूद क्षेत्रीय लोगों ने प्रयास कर नितिन को बचा लिया, लेकिन गहरे पानी में जाने से रूपेंद्र का कोई पता नहीं लग सका।
देर रात परिजनों को मिली सूचना
घटना के बाद घबराए दोनों दोस्त मौके से भाग गए। क्षेत्रीय लोगों की जानकारी के बाद थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। रविवार देर शाम तक खोजबीन के बाद किशोर का कोई सुराग नहीं लगा । देर रात साथी दोस्तों ने रूपेंद्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें- मंदिर में मर्यादित कपड़े पहनकर आएं: हाफ पैंट, कटी-फटी जींस पहने श्रद्धालुओं की नो एंट्री; गेट पर नोटिस चस्पा
सोमवार को पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में गोताखोरों ने तलाशी अभियान शुरू किया। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे पुल से दो सौ मीटर दायरे में किशोर का शव बरामद किया गया। गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पिता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दो पुत्र और दो पुत्रियों में रूपेंद्र सबसे छोटा था। इस वर्ष हाई स्कूल में दाखिला लिया था। शव को देख बहन समेत परिजन का रो रोकर बुरा हाल था। एसओ अचल कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।