पीलीभीत: लाही की फसल पलटने के विरोध पर किसान परिवार पर हमला, पांच लोग घायल; दो आरोपी हिरासत में
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में लाही की फसल पलटने का विरोध करने पर किसान परिवार पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा में है। पुलिस ने चार सगे भाइयों समेत 11 लोगों को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
घटना बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव जेठापुर के समीप की है। गांव जेठापुर निवासी रामलखन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव मुड़िया में उसकी जमीन है। इस पर लाही की फसल बोई गई थी। बुधवार सुबह वह खेत पर पहुंचा तो सहखातेदार ने गांव दिलीपपुर इटौरिया निवासी लखवीर सिंह पर फसल पलटने की जानकारी दी।
रामलखन ने इसका विरोध किया तो लखवीर सिंह अपने भाइयों और अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में रामलखन के अलावा उनकी पत्नी रामरती, सहखातेदार मदन, महेंद्र की पत्नी विद्या देवी और ओमप्रकाश की पत्नी चमेली देवी घायल हो गईं। आरोपियों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया।
इन आरोपियो पर दर्ज हुई रिपोर्ट
रामलखन की तहरीर पर पुलिस ने गांव दिलीपपुर इटौरिया निवासी लखवीर सिंह, उसके भाई वीर सिंह, बलविंदर सिंह और जसवीर सिंह समेत गांव मुड़िया के राजकमल सिंह, देवेंद्र सिंह, पलविंदर सिंह, धर्मेंद्र सिंह व गांव मुजफ्फरनगर निवासी बलविंदर सिंह सहित 11 नामजद और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, घटना के दौरान हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
