UP News: आउटलेट वालों से न खरीदें संपत्ति, हो जाएगी जब्त; इस जिले में पुलिस ने लोगों से की अपील
विदेश भेजने, फर्जी वीजा के नाम पर ठगे गए लोगों और आउटलेट से संपत्ति खरीदकर फंसे पीड़ितों की सुविधा के लिए सोमवार को पूरनपुर कोतवाली में शिविर लगाया जाएगा। शिविर में एसपी अविनाश पांडेय भी मौजूद रहेंगे।
विस्तार
संपत्ति के मूल कागजात में हेराफेरी कर वास्तविक मालिक के नाम पर सहारा लेकर आउटलेट के जरिए खरीद-फरोख्त करने वालों के झांसे में न आएं। जांच-पड़ताल के बाद ही संपत्ति खरीदें। जालसाजों से खरीदी संपत्ति जब्त हो सकती है। इस संबंध में पीलीभीत पुलिस ने आमजन से अपील की है। साथ ही विदेश भेजने और फर्जी वीजा के नाम पर ठगे गए पीड़ितों की सहूलियत के लिए सोमवार को पूरनपुर कोतवाली में शिविर भी लगाया जाएगा।
पुलिस की ओर से जारी अपील में कहा गया कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की ओर से संपत्ति के मूल कागजों में जालसाजी कर अपने नाम कराया गया। वास्तविक मालिक की पहचान लेकर आउटलेट लगाकर संपत्ति बिक्री की जा रही है। लोग इनके जाल में फंसकर अपनी जमा-पूंजी गंवा रहे हैं। कहा गया कि इनके झांसे में न आएं।
शिविर में आएं, शिकायत दर्ज कराएं
विदेश भेजने, फर्जी वीजा के नाम पर ठगे गए लोगों और आउटलेट से संपत्ति खरीदकर फंसे पीड़ितों की सुविधा के लिए सोमवार को पूरनपुर कोतवाली में शिविर लगाया जाएगा। शिविर में एसपी अविनाश पांडेय भी मौजूद रहेंगे। अवैध आइलेट संचालकों के जाल में फंसे लोग शिविर में पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस ने शिकायत के लिए नंबर भी जारी किए हैं। फर्जी वीजा और विदेश भेजने के नाम पर ठगा गया कोई भी पीड़ित कॉल कर शिकायत कर सकता है।
इन नंबरों पर करें शिकायत
9454400301
9454401107
9454401335
9454404101
9454457663
9454404105
जालसाजों पर 11 नए मुकदमे
जिले में वीजा और फर्जी शैक्षिक अभिलेख बनाने और विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले आइलेट संचालकों व अन्य जालसाजों पर पुलिस ने 11 नए मुकदमे दर्ज किए हैं। ये मुकदमे सुनगढ़ी, सदर कोतवाली, थाना घुंघचाई और पूरनपुर कोतवाली में दर्ज किए गए हैं। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के नए प्रावधानों के तहत पुलिस आरोपियों की संपत्ति भी जब्त करने की तैयारी में है।
इससे पहले फर्जी दस्तावेजों से विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के दर्ज हुए दो मुकदमों में सात आरोपियों को जेल भेजा गया था। इसी के बाद इस तरह की करीब 30 शिकायतें पुलिस को और मिलीं। पीड़ितों ने एएसपी विक्रम दहिया से मिलकर अपना दर्द बयां किया। इनमें से आठ से दस पीड़ित शाहजहांपुर जिले के भी हैं। पुराने मामलों के पीड़ितों ने भी एएसपी से मुलाकात की। उनकी शिकायतों की प्राथमिक जांच में ठगी और फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- UP News: देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने होटल में मारा छापा, कमरे खुलवाए तो शर्म से झुक गईं नजरें
एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि शिकायतों की जांच के बाद बुधवार की देर रात तक अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें सदर कोतवाली, सुनगढ़ी और घुंघचाई थाने में एक-एक और पूरनपुर कोतवाली में आठ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा, बीएनएस के तहत आरोपियों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी।