पीलीभीत: राइफल और तलवारों के साथ गजरौला फार्म पर जुटी भीड़, 90 एकड़ जमीन पर कब्जे की कोशिश
अमरिया के गजरौला फार्म में सोमवार को 90 एकड़ जमीन पर कब्जे का प्रयास हुआ। हथियारों से लैस 70-80 लोग 15 कारों और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे। उन्होंने खेत में खड़ी फसल जोतनी शुरू कर दी। पुलिस ने पांच राइफल, एक पिस्टल, 60 कारतूस, तलवारें बरामद कर 37 लोगों को हिरासत में लिया।
विस्तार
पीलीभीत के अमरिया में पुलिस सक्रियता के दावों के बीच गजरौला फार्म की 90 एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर सोमवार को हथियारों के साथ बिलासपुर, गदरपुर, बाजपुर, हल्द्वानी और किच्छा क्षेत्र के लोगों की भीड़ पहुंच गई। 15 कारों और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे 70-80 लोगों के बीच राइफलें, बड़ी संख्या में कारतूस और तलवारें थीं।
फार्म में पहुंचते ही खेत में खड़ी सब्जी की फसल जोतने और पेड़ काटने का काम शुरू कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे जमीन पर काबिज पक्ष के लोगों से कहासुनी और धमकी के बाद 112 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। मौके से पांच राइफल, एक पिस्टल और करीब 60 कारतूस, तलवारें, सात कार और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बरामद की गईं। मौके से 37 लोगों को पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें- यूपी: करोड़ों की ठगी में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरफ्तार, मेरठ से पकड़कर लाई बरेली क्राइम ब्रांच
गजरौला फार्म निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण दत्त सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे नरवैल सिंह, यशविन सिंह, जितेंद्र सिंह, दर्शन सिंह और चरणजीत सिंह समेत 70-80 लोग गजरौला फार्म पहुंचे। उनके पास राइफल और कारतूस के अलावा तलवारें भी थीं।
भीड़ के पहुंचते ही खेत में खड़ी सब्जी की फसल को ट्रैक्टर से जोतना और पेड़ काटना शुरू कर दिया गया। जमीन के मालिक पक्ष के लोग उस समय मौके पर नहीं थे। जानकारी मिलने पर जब वे फार्म पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में हथियारबंद लोगों को देखकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
अतिरिक्त फोर्स को बुलाना पड़ा
दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धमकी की स्थिति बनने पर 112 पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद भीड़ को हटाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख थाना पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची तो आरोपी पक्ष में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच राइफल, एक पिस्टल और करीब 60 कारतूस समेत कई तलवारें बरामद की।
सात कार और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी पुलिस ने कब्जे में लीं। 37 लोगों को हिरासत में लिया गया। अन्य भाग गए। जानकारी पर सीओ सदर नताशा गोयल थाने पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस की जांच में सामने आया कि हल्द्वानी निवासी नरवैल सिंह ने गजरौला फार्म में 90 एकड़ जमीन खरीदी थी। जिसको बिना पुलिस-प्रशासन के बताए कब्जा करने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दो घंटे तक ट्रैक्टरों से जोताई की गई।
15 दिन से रेकी, फिर एक साथ पहुंची भीड़
श्रवण के अनुसार, फार्म के आसपास पिछले करीब 15 दिनों से दो गाड़ियां घूम रही थीं। लगातार रेकी के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में लोग एक साथ फार्म पर पहुंच गए। उनका कहना है कि भीड़ कई घंटे तक मौके पर मौजूद रही। सैकड़ों लोगों की आवाजाही के बावजूद पुलिस को पहले से इसकी भनक नहीं लग सकी। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
राजस्व बोर्ड में चल रहा 90 एकड़ जमीन का विवाद
गजरौला फार्म की करीब 90 एकड़ जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद राजस्व बोर्ड प्रयागराज में विचाराधीन है। जमीन मालिक पक्ष के मुताबिक दोनों मामलों में फिलहाल स्टे है। उनका कहना है कि तत्कालीन एसडीएम की ओर से धारा 134 के तहत वाद दायर किया गया था। इसके बाद कब्जे को लेकर आदेश हुआ, जिसके खिलाफ बरेली मंडलायुक्त के यहां अपील की गई।
पीड़ित पक्ष की समझदारी से बचा बड़ा मामला
श्रवण दत्त सिंह का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद हथियारों के साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों का फार्म पर पहुंचना गंभीर है। समय रहते 112 पर सूचना देने और मौके पर मौजूद लोगों के संयम से मामला बड़े टकराव में बदलने से बच गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अमरिया तहसील के पूर्व एसडीएम ने कब्जे का आदेश कर दिया था। जिसकी अपील आयुक्त बरेली मंडल के यहां की गई। उन्होंने एसडीएम की कार्यप्रणाली की जांच करने की मांग भी की।
जांच में मिले लाइसेंसी असलहे, एक-एक लाख रुपये से आरोपी मुचलका पाबंद
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मामले में 37 लोगों को पकड़ा गया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई कराई जा रही है। पकड़े गए लोगों को एक-एक लाख रुपये से मुचलका पाबंद किया गया है। बरामद असलहा लाइसेंसी है। सभी की जांच की जा रही है।