फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   Five houses robbery , goods looted millions

पांच घरों में डकैती, लाखों का माल लूटा

Tue, 10 Nov 2015 09:41 PM IST
Jhonabad
Jhonabad Updated Tue, 10 Nov 2015 09:41 PM IST
विज्ञापन
Five houses robbery , goods looted millions

दिवाली से एक दिन पहले बदमाशों ने क्षेत्र के चार गांवों के 10 घरों पर धावा बोलकर लाखों का माल लूट लिया बदमाश कनाकोर के चार घरों और ऐमी में फौजी के घर से नगदी-जेवर समेत करीब 15 लाख रुपये का माल लूट ले गए। बदमाशों की पिटाई से तीन लोग घायल हुए हैं। कनाकोर में एक महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे निवस्त्र कर उसकी पिटाई की। बदमाशों के जाने के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद गांवों में दहशत का माहौल है। एएसपी व सीओ ने सुबह कनाकोर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और परिवार वालों से पूछताछ की।

विज्ञापन

गांव ऐमी निवासी नवी अहमद का घर सड़क किनारे हैं। उनके दो बेटे फौज में हैं। दोनों इन दिनों घर पर हैं। रात करीब 11 बजे सबसे पहले बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोला। बदमाशों ने फौजी अबरार व मोहम्मद को बांध दिया और उनकी कनपटी पर तमंचा रखने के बाद परिवार के सभी सदस्यों को कब्जे में कर लिया। करीब एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश यहां से 19 तोला सोना, करीब आधा किलो चांदी पांच हजार की नगदी समेत करीब चार लाख रुपये का सामान लूट ले गए। घर वालों को कमरे में बंद करने के बाद बदमाश गांव कनाकोर पहुंचे। वहां पशुशाला के पास सो रहे गांव निवासी दीनदयाल जाटव को बंधक बना लिया। दीनदयाल ने बताया कि उसकी कनपटी पर तमंचा टेक कर बदमाश उसे घर के अंदर ले गए और जगदीश का घर पूछने लगे। जब उसने जानकारी न होने की बात कही तो उसकी पिटाई शुरू कर दी। पास में लेटी पत्नी ने विरोध किया तो उसे निवस्त्र कर पीटा। बदमाशों ने उसकी 14 वर्षीय पुत्री को पीटकर घायल कर दिया। गांव के पूरब स्थित पांच सगे भाइयों दामोदर, मेवाराम, भागीरथ, रामेश्वर और भगवानदास के घर घुसे। सभी की पिटाई की और कमरे में बंद कर दिया। यहां से एक जोड़ी झुमकी, कुंडल, सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, 10 हजार की नगदी, मेवाराम के घर से दो सोने की चेन, कुंडल, झुमकी, मांग टीका, पायल, 20 हजार रुपये की नगदी समेत करीब आठ लाख का सामान बटोर लिया। इसके बाद बदमाश मकान की पिछली दीवार में सीढ़ी लगाकर काली चरन उर्फ परमात्मास्वरूप के घर पहुंचे और वहां भी परिवार के सभी लोगों को बंधक बना लिया और उनकी पिटाई कर 23, 600 रुपये की नगदी, सोने की चेन, चार झुमकी, एक बिछुआ, दो सोने की चेन, दो हार, अंगूठी समेत करीब पांच लाख लाख का सामान लूट लिया। सभी लोगों को घरों में बंद करके बदमाश गांव उमड़सड़ पहुंचे बदमाशों ने लघुशंका करने निकले गांव निवासी सुखलाल को रोक लिया। सुखलाल के मुताबिक बदमाश उससे गांव खरुआ का रास्ता पूछ रहे थे। इसी बीच पड़ोस का नरेश जब बाहर निकला तो बदमाशों ने गालीगलौज शुरू कर दी। शोरशराबा होने पर बदमाश वहां से भाग निकले।
विज्ञापन

रात करीब दो बजे गैहलुइया पहुंचे बदमाश अनिल के घर घुस गए और उसको असलहों के बल पर बंधक बनाकर पिटाई शुरू कर दी। चीखपुकार होने पर भतीजे रीशू ने जब शोर मचाया तो बदमाश वहां से गांव के बाहर स्थित अनिल सेठ के घर के पास पहुंचे। घर के बाहर पड़ी टीनशेड में सो रहे अनिल की आंख कुत्तों के भौंकने पर खुल गई। उन्होंने देखा तो कई लोग खड़े थे। इस पर उन्होंने आवाज लगाई तो भतीजा प्रयंक बाहर आ गया। बदमाशों ने शोर मचा रहे प्रयंक के सिर पर तमंचे की बट मार दी। जिससे वह घायल हो गया। शोरशराबा होने जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो बदमाशों ने तमंचे से हवाई फायरिंग की और तमंचे लहराते व लाठियां फेरते हुए भाग निकले।
विज्ञापन
विज्ञापन


15 से 20 की संख्या में थे बदमाश, पिट्ठू बैग भी थे  
पीड़ितों के मुताबिक बदमाशों की संख्या 15 से 20 के आसपास थी। सभी बदमाश 20 से 25 साल की उम्र के बीच के थे। लगभग सभी बदमाश मुंह बांधे हुए थे। सभी के पास तमंचे, बंका, डंडा और कुछ के हाथ में लाठियां थीं। बदमाश दबोचने के बाद मुंह दाब लेते थे और पिटाई करते थे। बदमाशों की पीठ पर पिट्ठू बैग भी टंगे थे।

केहरी गैंग होने का है संदेह
सीओ जहॉनाबाद निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि घटना में बरेली के केहरी गैंग का हाथ होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बरेली पुलिस ने तीन महीने पहले गैंग सरगना को मार गिराया था, लेकिन गैंग के अन्य सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस गैंग के सदस्यों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

शादी के लिए जुटाए गहने भी ले गए
कनाकोर निवासी कालीचरन ने बताया कि उनकी पुत्री प्राची की फरवरी माह में शादी थी। पुत्री को देने के लिए उन्होंने झुमकी, झाले, हार और अंगूठी खरीदकर घर में रखी थी। गांव ऐमी निवासी नवी अहमद की बेटी का निकाह तय हो चुका है। नवी अहमद ने बताया कि सोमवार को ही वह जेवर खरीद कर लाए थे, जो बदमाश लूट ले गए।

खोजी सौम्या भी ठहर गई
एसपी के आदेश पर जिला मुख्यालय से डॉग स्कवायड गांव कनाकोर भेजा गया। खोजी सौम्या कालीचरन के घर गई और सामान सूंघते हुए घर के बाहर निकल कर खड़ी हो गई। इसके बाद उसने कोई हरकत नहीं की।

दो घरों की दर्ज की रिपोर्ट
अपराध हो, लेकिन ग्राफ कम रहे। इस तर्ज पर काम कर रही जहॉनाबाद पुलिस ने एक बार फिर खेल कर दिया। पुलिस ने सिर्फ दीनदयाल के साथ मारपीट करने और कालीचरन के घर हुई लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ का कहना है कि ऐमी में नवी अहमद सहित अन्य स्थानों पर लूटपाट नहीं हुई। बदमाश देखे जाने की बात इन गांवों के लोगों ने बताई है। यही नहीं जिन दो लोगों की ओर से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है उसमे भी घटना को कम कर दिखाया गया है।

बेपटरी हुई जिले की
कानून व्यवस्था
जिले की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं से लोग थर्रा उठे हैं, लेकिन इसका असर पुलिस कप्तान पर पड़ता नजर नहीं आ रहा है। जब एसपी ही घटनाओं के प्रति बेफ्रिक हों तो मातहतों का अंदाजा बखूबी लगाया जा सकता है।
दो महीने पूर्व एक ही रात थाना न्यूरिया के गांव हरकिशनापुर, सेमपुर और खजुआ में बदमाशों ने धावा बोला था। तीनों गांवों के चार घरों से करीब पांच लाख का सामान लूट ले गए थे। पुलिस ने सिर्फ रिपोर्ट दर्ज कर इतिश्री कर ली थी। इन घटनाओं का आज भी रहस्य बरकरार है। जहॉनाबाद में हुई घटना ने पुलिस को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है। एसपी संजीदा होते तो वह मौके पर जाकर कम से कम घटना स्थल का तो निरीक्षण करते, लेकिन एसपी ने एएसपी को मौके पर भेजकर अपना पल्ला झाड़ लिया।

मैं मौके पर नहीं जा सका। एएसपी और सीओ को भेजा था। एसओ भी घटना स्थल पर मौजूद हैं। जब उनसे पूछा गया कि घटना बड़ी थी आपको भी जाना चाहिए था तो बोले, हां मैं भी चला जाता हूं।

जवाहर, एसपी

.. क्या पुलिस गांव में रही बदमाश करते रहे लूटपाट
सीओ जहॉनाबाद निर्मल कुमार विष्ट का कहना है कि एसओ सरकारी जीप के साथ उमड़सड़ में गश्त कर रहे थे। गांवों में होमगार्ड भी तैनात थे। कनाकोर में हुई घटना की जानकारी एक होमगार्ड ने रात करीब ढाई बजे पुलिस को दी थी। कुछ ही देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। इससे साफ है कि पुलिस गश्त के बीच बदमाश चार घंटे तक लूटपाट करते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed