Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   A township on paper, standing crops on the ground

Aligarh News: कागजों में टाउनशिप, मौके पर खड़ी फसल, घर का सपना दिखा बेचे प्लॉट

Sun, 22 Nov 2026 02:41 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 22 Nov 2026 02:41 AM IST
विज्ञापन
A township on paper, standing crops on the ground
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के करीब घर का सपना दिखाकर भोले-भाले लोगों को ठगने के मामले अभी भी सामने आ रहे हैं। कागजों पर श्रीराधारानी के नाम से फर्जी टाउनशिप दर्शाकर कई लोगों से ठगी की गई है। विजय कुमार और प्रकाश चंद नाम के दो पीड़ितों ने एसएसपी से प्लॉट के नाम पर 24.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की।
विज्ञापन

एसएसपी के आदेश पर दोनों मामलों में टप्पल थाने में दो प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसमें मुख्यारोपी विष्णु शर्मा उर्फ आकाश, सुशील शर्मा, विशाल शर्मा, अनुज शर्मा और उनके पिता सत्यप्रकाश शर्मा को नामजद किया गया है।
विज्ञापन

गुरुग्राम निवासी विजय कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मार्च 2025 में श्री श्याम राधिका होम जोन प्रालि. के प्रोजेक्ट (श्री राधारानी टाउनशिप, ग्राम गौरोला, थाना टप्पल) में उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे प्लॉट देने का झांसा दिया गया था। आरोपियों की बातों पर विश्वास कर उन्होंने 200 वर्ग गज का प्लॉट 9500 रुपये प्रति वर्ग गज की दर से 19 लाख रुपये में बुक कराया था। विभिन्न माध्यमों से उन्होंने 10 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां कोई टाउनशिप नहीं मिली। बताए गए स्थान पर गेहूं की फसल खड़ी थी। किसान ने बताया कि यह जमीन उसकी है। उसने इस जमीन को किसी को नहीं बेचा है और न ही इसका भू-उपयोग आवासीय में बदला गया है।
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने अपनी धनराशि वापस मांगी। इस पर अक्तूबर 2025 में पांच-पांच लाख रुपये के दो चेक उन्हें दिए गए। नवंबर 2025 में उन्होंने दोनों चेक बैंक में लगाए जो अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गए। इसके बाद अप्रैल माह में छह माह के भीतर 10 लाख रुपये लौटाने का समझौता-पत्र भी आरोपी पक्ष ने तैयार किया।
इसकी पहली किस्त 10 मई को देने की बात तय हुई थी लेकिन भुगतान नहीं किया गया। अब नोएडा स्थित कार्यालय पर ताला लटका हुआ है। दी गई रसीदों पर पंजीकरण संख्या अथवा कंपनी का मोबाइल नंबर भी नहीं है। अपना रुपया वापस मांगने पर हत्या करवाने की धमकी दी जा रही है।

एक साल तक काटे नोएडा कार्यालय के चक्कर
दूसरे मामले में दिल्ली के कृष्णानगर निवासी प्रकाश चंद का आरोप है कि एटा के गांव दहेलियापूठ निवासी विष्णु शर्मा उर्फ आकाश और उनके भाई सुशील शर्मा, विशाल शर्मा, अनुज शर्मा व उनके पिता सत्यप्रकाश शर्मा गैंग बनाकर फर्जी प्लॉट बेचने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते हैं। 24 मई 2024 को आरोपियों ने श्री राधारानी टाउनशिप में 200 वर्गगज का प्लॉट 7500 रुपये प्रति वर्गगज की दर से कुल 15 लाख रुपये में बुक किया था। आरोपियों को 14.60 लाख रुपये का भुगतान ऑनलाइन यूपीआई व चेक के माध्यम से एक्सिस बैंक नोएडा के खाते में किया गया। इसके बदले कंपनी के लेटर पैड पर पावती रसीद दी गई। 05 दिसंबर 2025 को प्लॉट का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिया गया। इसमें 14.60 लाख रुपये के बजाय जानबूझकर 13.74 लाख रुपये लिखकर और स्वयं विष्णु शर्मा के हस्ताक्षर कर 85799 रुपये हड़पने की नीयत से कम दर्शाए गए। करीब एक वर्ष तक नोएडा कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद प्लॉट का बैनामा नहीं किया गया और न ही रुपए लौटाए गए। जबकि निबंधक खैर अलीगढ़ के यहां भी स्थिति संदिग्ध बनी रही। निवेशकों को दिखाई जाने वाली जमीन कृषि भूमि पाई गई। वहां कोई प्लॉटिंग का कार्य नहीं पाया गया। बिना भू-उपयोग परिवर्तन के अवैध रूप से जमीन बेची गई और कुछ मामलों में फर्जी बैनामा व किसानों के कूटरचित हस्ताक्षर बनाकर जमीन हड़पी गई।

पांच हजार निवेशकों से ठगी का आरोप
प्रकाश चंद ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि आरोपियों ने करीब पांच हजार निवेशकों को घर का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी की है। आरोप है कि आरोपियों ने अवैध कमाई से 35 बीघा का लग्जरी मकान बनाया और गाड़ियां खरीदी हैं। आरोपियों 14 शराब के ठेकों के लाइसेंस है। उन्होंने उनकी संपत्ति को कुर्क करने और बुलडोजर चलाने की मांग की है। इससे पहले भी अन्य पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत की हैं और प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।



ऐसे बचें ठगों के जाल से
सोशल मीडिया व वेबसाइट पर भ्रामक विज्ञापन पर भरोसा न करें।
भू-स्वामित्व की पुष्टि केवल यीडा की आधिकारिक वेबसाइट से करें।
अधिसूचित क्षेत्र में प्राधिकरण की अनुमति व स्वीकृत लेआउट के बिना प्लॉटिंग में पैसा न लगाएं।
कृषि भूमि पर बिना भू-उपयोग परिवर्तन कराए प्लॉट बेचना अवैध है।
भुगतान से पहले खतौनी, रजिस्ट्री और कंपनी की वैधता जरूर जांचें।


आरोपियों पर हो चुकी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ टप्पल थाने में बीएनएस की धारा 316(4), 318(4), 336(3), 338, 340(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ लगभग दस मामले में दर्ज हैं। इन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर संपत्ति कुर्क करने की भी कार्रवाई की जा चुकी है। आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। इसके बाद इन पर फिर से मामले दर्ज किए गए हैं। जल्द इन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक कुमार पटेल, सीओ, खैर।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed