झारखंड: तेज रफ्तार ने ली चार युवकों की जान, मेले से लौटते समय दो बाइकों की भिड़ंत; अब तक 16 दिन में 11 मौतें
झारखंड के खूंटी जिले के रनिया प्रखंड में आदिवासी जतरा मेला देखकर लौट रहे युवकों की दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ। जिले में 16 दिनों के भीतर दो बड़े सड़क हादसों में 11 लोगों की जान जा चुकी है।
विस्तार
झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। रनिया प्रखंड में आदिवासी जतरा मेला देखकर घर लौट रहे युवकों की दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ढलान पर तेज रफ्तार में थी बाइक, सामने से आई दूसरी बाइक से भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, रनिया प्रखंड के उड़ीकोल गांव निवासी प्रेमसु कोंगाड़ी, जीदन कोंगाड़ी और मसीह प्रकाश कोंगाड़ी एक ही बाइक पर सवार होकर आदिवासी जतरा मेला देखकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी बाइक ढलान पर तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान मरचा की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर बनाबीरा नवाटोली निवासी विश्वा उर्फ छोटू सिंह और हेमंत बहादुर सवार थे। दोनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रास्ते में छोटू सिंह ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोंगाड़ी भी कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर में मृतकों के परिजन भी वहां पहुंच गए। अपनों को घायल अवस्था में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
16 दिन में दो बड़े हादसे, 11 लोगों की मौत
खूंटी जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने चिंता बढ़ा दी है। महज 16 दिनों के भीतर जिले में हुई दो बड़ी दुर्घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
