पीलीभीत। ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से एक युवक के मकान का दरवाजा और दीवार तोड़ दी गई। पीड़ित ने जब इसका सुधार कराने को कहा तो उससे गाली गलौज कर भिड़ गए। तीन दिन बाद इसी की रंजिश में रास्ता घेरकर पीड़ित की पिटाई कर दी गई। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।्सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के चिड़ियादाह गांव निवासी नाजिम पुत्र रजा बख्श ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही आबिद ने 20 मई को ट्रैक्टर ट्रॉली से पीड़ित के मकान की दीवार और दरवाजा तोड़ दिया था। इसका विरोध करने पर आरोपी गाली गलौज कर चले गए। इसका सुधार भी नहीं कराया। आरोप है कि 24 मई की शाम करीब सात बजे पीड़ित नमाज पढ़कर वापस आ रहा था, तो आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर उसको रोक लिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट की गई। आसपास के लोगों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर आरोपी आबिद, इकबाल, अबरार, नईम, जाबिर, छोटा, साबिर, इकरार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।