कानपुर सड़क हादसा: सीओडी पुल पर रफ्तार का कहर, कार के नीचे दबकर सेना के सूबेदार की मौत, चार अन्य गंभीर घायल
Kanpur News: रेलबाजार थाना क्षेत्र स्थित सीओडी पुल पर ओवरटेक के दौरान डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलटी तेज रफ्तार कार के नीचे दबने से पल्सर सवार सेना के सूबेदार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार परिवार के चार सदस्य घायल हो गए हैं।
विस्तार
कानपुर में रेलबाजार के सीओडी पुल पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पलट गई। कार सामने से आ रहे पल्सर सवार सेना के सूबेदार 42 वर्षीय बाबू सिंह के ऊपर जा गिरी। हादसे में कार के नीचे दबकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार परिवार के चार लोग घायल हो गए।
घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रेखा गुप्ता को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हमीरपुर के मौदहा निवासी प्रेमचंद्र गुप्ता परिवार के साथ बिठूर में शादी समारोह में शामिल होकर गुरुवार सुबह श्यामनगर जा रहे थे। कार उनके दामाद दिलीप ओमर चला रहे थे। सीओडी पुल पर ओवरटेक के दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में पहुंच गई।एगी।
चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के आए थे घर
इसी दौरान रामादेवी से झकरकटी जा रहे बाबू सिंह कार की चपेट में आ गए। चकेरी के गांधीग्राम निवासी बाबू सिंह (42) जैसलमेर में सेना में सूबेदार थे। वर्ष 2004 में भर्ती हुए बाबू सिंह 16 सितंबर को छुट्टी लेकर चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। गुरुवार सुबह वह कचहरी में किराएदारी का एग्रीमेंट बनवाने निकले थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू यादव, बेटियां महक और मुस्कान तथा बेटा उमंग हैं।
क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात सामान्य कराया
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कार में सवार प्रेमचंद्र, रेखा और दिलीप घायल हुए, जबकि शिल्पी और बच्ची को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद रामादेवी से झकरकटी मार्ग पर करीब 500 मीटर तक जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात सामान्य कराया। रेलबाजार थानाप्रभारी अमान सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
