पीलीभीत। एक कॉलेज के चौकीदार ने फेसबुक पर महिला से दोस्ती कर ली। महिला के पति की मौत हो चुकी है। शादीशुदा चौकीदार ने खुद को अविवाहित बताकर कमरे में बुलाया। नशा देकर दुष्कर्म किया साथ ही वीडियो भी बना लिया। महिला को साथ रखने लगा। इसी दौरान एक दिन चौकीदार के पत्नी बच्चे वहां आ गए तब महिला को सच्चाई पता चली। आईजी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने चौकीदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति की मौत के बाद वह अकेली रहती थी। दो साल पहले फेसबुक पर उसकी एक कॉलेज के चौकीदार शिव कुमार से दोस्ती हो गई। शिव कुमार मेसेज के माध्यम से हमदर्दी जताने लगा। इससे महिला उसके झांसे में आ गई और मोबाइल नंबर दे दिया। शिव कुमार अक्सर उसके यहां आने-जाने लगा। आरोप है कि शिव कुमार ने झूठ बोला कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई है और कोई बच्चा भी नहीं है। इससे वह पीड़िता से शादी करना चाहता है। पीड़िता झांसे में आ गई और जून 2021 को शिव कुमार ने उसे कॉलेज परिसर स्थित कमरे पर बुलाया। वहां शीतल पेय में नशा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया, वीडियो भी बना ली। होश में आने पर महिला ने जब विरोध किया, तो शिवकुमार ने शादी करने की बात कही। कुछ दिन साथ में रहने के बाद शिवकुमार ने शादी से इन्कार कर दिया। इधर एक दिन शिव कुमार की पत्नी, पुत्र और पुत्रवधु कमरे पर पहुंचे, तो महिला को सच्चाई का पता चला। महिला का कहना है कि साथ रखने के दौरान शिवकुमार ने उससे रुपये भी ठग लिए थे। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।