पूरनपुर। स्मैक, चरस पकड़वाने की मुखबिरी के शक में मोहल्ला साहूकारा निवासी सत्यपाल को तलवार का वार कर लहूलुहान कर दिया गया। गंभीर हालत में सत्यपाल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मोहल्ला निवासी पिता-पुत्र समेत चार लोगों को नामजद कर दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना बुधवार रात नौ बजे मोहल्ला साहूकारा (लाइनपार) की है। मोहल्ला के रमेश पासवान ने बताया कि उसका भाई सत्यपाल बाजार से घर आ रहा था। घर के समीप उसे रास्ते में विजय पांडेय, उसके पुत्र मोहित पांडेय, पुत्री सोनी पांडेय, मोहल्ले के ही पप्पू पांडेय के पुत्र मुनेर पांडेय ने अपने दो साथियों के साथ घेर लिया और तलवार का वार कर लहूलुहान कर दिया। बाद में मरणासन्न हालत में छोड़कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायल सत्यपाल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि रमेश पासवान की ओर से विजय पांडेय, मोहित पांडेय, सोनी पांडेय, मुनेर पांडेय और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले विजय पांडेय के घर सूचना पर छापा मारकर उसकी पत्नी से 131 स्मैक की पुड़िया, एक किलोग्राम चरस, उसके पुत्र मोहित के पास से एक किलोग्राम चरस, गांव शहबाजपुर निवासी निशान सिंह के पास से एक किलोग्राम चरस बरामद कर चालान किया गया था। आरोपी पक्ष को शक है कि सत्यपाल ने मुखबिरी की थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। मगर हाथ नहीं लग सके। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।