पूरनपुर (पीलीभीत)। सीएचसी के संविदा कर्मचारी की पिटाई के आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस कर्मियों को उसने अपने ही करीबियों की मदद से घर में बंद कर लिया। सूचना पर कोतवाली से अन्य पुलिस कर्मियों को भेजा गया। उसके बाद पुलिस टीम को बंधन मुक्त कराया गया। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली लाई लेकिन उसके बाद कोर्ट का स्टे होने पर छोड़ दिया गया।
घटना सोमवार शाम करीब आठ बजे की है। कुछ दिन पहले मोहल्ला कायस्थान के एक व्यक्ति ने सीएचसी पहुंचकर संविदा कर्मचारी से पिटाई कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज की। सोमवार शाम को एक दरोगा के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भेजा गया। आरोपी ने अपने पास कोर्ट का आदेश होना बताने के साथ मोबाइल में दरोगा को आदेश की फोटो दिखाई। इसके बाद विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने करीबियों की मदद से पुलिस टीम को घर में बंधक बना लिया। सूचना पर कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस टीम को भेजा गया। बमुश्किल बंधक बनाई गई टीम को मुक्त कराया गया। आरोपी को पुलिस पकड़कर कोतवाली लाई। प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने बताया कि पुलिस टीम को बंधक नहीं बनाया गया था। आरोपी ने अपने मोबाइल में कोर्ट के आदेश की फोटो कॉपी पुलिस को दिखाई थी। दरोगा ने मोबाइल यह कहते हुए ले लिया कि प्रिंट निकलवाना है। आरोपी ने दरोगा से मोबाइल छीन लिया था। आरोपी के पास कोर्ट का आदेश होने पर उसे छोड़ दिया गया है।