पीलीभीत। गुजरात की बिलकिस बानो को न्याय दिलाने और हत्यारोपियों की रिहाई आदेश रद्द कराने की मांग को लेकर रविवार रात कांग्रेसियों ने कैंडल मार्च निकाला। साथ ही सात दिनों से चल रहा अभियान भी समाप्त हो गया।
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के चेयरमैन शाहनबाज आलम के निर्देश पर 22 अगस्त को न्याय अभियान शुरू हुआ था। इसमें बिलकिस बानो प्रकरण में दोषियों को दोबारा जेल भिजवाने के जिला स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चला गया। रविवार देर रात अभियान के अंतिम दिन गैस चौराहा स्थित शहीद दामोदरदास पार्क से कैंडल मार्च शुरू किया।
कैंडल मार्च स्टेशन रोड होते हुए रामस्वरूप पार्क पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अनवर अनीस, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष युसूफ मलिक, शहर अध्यक्ष अभिनय गुप्ता , जिला उपाध्यक्ष आशुतोष अग्निहोत्री, ईश्वर दयाल पासवान , जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन मोहम्मद ताहिर सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।