रफ्तार के कहर का वीडियो: टक्कर के बाद कार में फंसा युवक, 50 मीटर तक घसीटा, इलाज के दौरान मौत
सितारगंज नेशनल हाईवे पर कस्बा अमरिया में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने जूस के ठेले के पास खड़े लोगों को टक्कर मार दी। कार में फंसा युवक 50 मीटर तक घिसटता गया। जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
विस्तार
पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात सितारगंज नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में कार के नीचे फंसा मुदित 50 मीटर तक घिसटा था। कार की चपेट में एक बाइक भी आ गई। वह भी घिसटती रही, जिससे चिंगारी निकलने लगी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
हादसे का वीडियो
अमरिया कस्बा निवासी मुदित गुप्ता (30 वर्ष) शनिवार की रात अपने दो बच्चों के साथ सड़क किनारे जूस के ठेले के पास खड़े होकर दोस्त आशीष गुप्ता से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सितारगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर विपरीत दिशा में पहुंचकर ठेले के पास खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मुदित गुप्ता कार में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। दो अन्य लोगों को मामूली चोट आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
वाटर कूलर सप्लाई का काम करते थे मुदित
मुदित गुप्ता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मुदित गुप्ता कस्बे में दुकानों पर वाटर कूलर सप्लाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मृतक के परिवार में पत्नी प्रियंका गुप्ता, पुत्र सचित गुप्ता, पुत्रियां नित्या और आराध्या हैं। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।