{"_id":"be713bef224bc73a6caf8cef74e80cef","slug":"only-from-dwarka-to-golf-course-metro","type":"story","status":"publish","title_hn":"द्वारका से गोल्फ कोर्स तक ही चली मेट्रो","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
द्वारका से गोल्फ कोर्स तक ही चली मेट्रो
अमर उजाला, नोएडा
Updated Mon, 14 Oct 2013 01:37 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन रविवार को बंद रहने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लाइन-3 पर द्वारका से गोल्फ कोर्स तक ही मेट्रो का परिचालन किया गया।
विज्ञापन
सिटी सेंटर स्टेशन से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को एक किलोमीटर लंबी दूरी नापकर गोल्फ कोर्स स्टेशन से मेट्रो पकड़नी पड़ी। सोमवार सुबह से सिटी सेंटर स्टेशन पर मेट्रो रेल सेवा बहाल हो जाएगी।
विज्ञापन
पिलर नंबर-174 का केंटिलीवर आर्म (बीम का हिस्सा) झुकने की वजह से 14 सितंबर को सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर-एक बंद कर दिया गया था।
इसके बाद से ही यात्रियों को इस स्टेशन पर परेशानियां झेलनी पड़ रही है। मरम्मत कार्य को अंजाम देने के लिए शनिवार रात 9 बजे सिटी सेंटर स्टेशन को बंद कर दिया गया था।
विज्ञापन
स्टेशन बंद होने का असर रविवार को साफ दिखाई दिया। आम दिनों में खाली रहने वाले गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की बेतहाशा भीड़ दिनभर रही।
भीड़ से निपटने के लिए डीएमआरसी ने पहले ही कमर कसी हुई थी। स्टेशन पर एनाउंसमेंट के जरिये यात्रियों को सिटी सेंटर तक मुफ्त बस सेवा की जानकारी दी जा रही थी।
स्टेशन के नीचे भी यात्रियों की सहूलियत के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। स्टेशन प्रबंधक तिरेंद्र भाटी के नेतृत्व में स्टेशन का पूरा स्टाफ टिकट काउंटरों और प्लेटफॉर्म के आसपास निगरानी करने में जुटा रहा।
पहले से तय था स्टेशन बंद होना
सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन बंद होना पहले से ही तय था, लेकिन डीएमआरसी ने पहले से इसका खुलासा नहीं किया।
मरम्मत कार्य के लिए जब पूरा सेटअप तैयार कर लिया गया तो स्टेशन बंद करने का ऐलान किया गया। सूत्रों के मुताबिक बिना स्टेशन बंद किए केंटिलीवर की मरम्मत का काम संभव ही नहीं था।
इसके संकेत डीएमआरसी के इंजीनियर्स ने तब ही दे दिए थे जब मेट्रो स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर-एक बंद किया गया था।
हालांकि, डीएमआरसी ने स्टेशन से मेट्रो का परिचालन रोके बिना मरम्मत कार्य करने का दावा किया था, लेकिन करीब एक महीने तक लाख जतन करने के बाद भी स्टेशन बंद करना ही पड़ गया।
25 हजार पहुंची राइडरशिप
सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के हजारों यात्रियों का दबाव गोल्फ कोर्स स्टेशन पर बढ़ने से पीक टाइम में व्यवस्था बिगड़ती हुई दिखाई दी।
आम दिनों में दो टिकट काउंटर ही यात्रियों के लिए काफी होते हैं, लेकिन रविवार को आधा दर्जन टिकट काउंटर भी कम पड़ गए।
13 अक्तूबर को गोल्फ कोर्स स्टेशन पर राइडरशिप का रिकॉर्ड टूट गया। डीएमआरसी के मुताबिक शाम सात बजे तक गोल्फ कोर्स पर राइडरशिप का आंकड़ा 20 हजार को पार कर गया था। रात 12 बजे तक यही आंकड़ा 25 हजार तक पहुंचने की बात कही जा रही थी।
गोल्फ कोर्स पर हाल बेहाल
ऑटो चालकों की मनमानी से अक्सर जाम का शिकार रहने वाले सिटी सेंटर चौराहे पर रविवार को राहत थी, लेकिन गोल्फ कोर्स पर हाल बेहाल रहा।
ऑटो की भीड़ से यहां जाम जैसे हालात बने रहे। इसके अलावा रिक्शावालों की लंबी लाइन भी गोल्फ कोर्स पर सुबह से ही लगी हुई थी।
चार बसें नाकाफी साबित
सिटी सेंटर से गोल्फ कोर्स तक चलाई गई रोडवेज की चार बसें नाकाफी साबित हो रही थी। सिटी सेंटर पर यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ रहा था।
मेट्रो के कई यात्रियों ने मजबूरन ऑटो व रिक्शा के अलावा डीटीसी की बस से गोल्फ कोर्स तक का सफर तय किया।