मुजफ्फरनगर। वेलेंटाइन-डे को लेकर रविवार को जनपद पुलिस अलर्ट रही। हिंदूवादी संगठनों की गतिविधियों के मद्देनजर शहर में हर चौराहे व मुख्य मार्गों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। वहीं, लगातार होटल व रेस्टोरेंट में भी चेकिंग की गई।
वेलेंटाइन-डे को लेकर हिंदूवादी संगठनों द्वारा प्रेमी युगलों को लेकर चेतावनी दी गई थी, जिसे लेकर जनपद पुलिस रविवार को अलर्ट रही। शहर के हर चौराहे व मुख्य मार्ग पर पुलिस की तैनाती की गई थी। जिससे टकराव की स्थिति न उत्पन्न हो। वहीं, शनिवार देर रात से ही लगातार शहर क्षेत्र के होटल व रेस्टोरेंट्स में चेकिंग भी की जाती रही। इस दौरान होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को जांच-पड़ताल के बाद ही किसी को भी रूम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, अवहेलना किए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। रविवार को हिंदूवादी संगठनों ने सुबह थोड़ी सक्रियता दिखाई, लेकिन इसके बाद कहीं से भी किसी तरह की अप्रिय जानकारी नहीं मिली, जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली।