फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Muzaffarnagar News ›   Two day ultimatum to district administration of Dhangar society

धनगर समाज का जिला प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम

Tue, 26 Feb 2019 12:20 AM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर Published by: Deepak Kausik Updated Tue, 26 Feb 2019 12:20 AM IST
विज्ञापन
Two day ultimatum to district administration of Dhangar society
कलक्ट्रेट में धरना देते धनगर समाज के लोग। - फोटो : अमर उजाला
अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र जारी नहीं करने के विरोध में सोमवार को धनगर समाज का आक्रोश भड़क गया। बड़ी तादाद में लोग जीआईसी मैदान में एकत्र हुए और जनसभा करने के बाद कलक्ट्रेट की ओर कूच कर दिया। कलक्ट्रेट परिसर भीड़ से खचाखच भर गया। हंगामे के बीच प्रशासनिक अफसर वार्ता को आए, तो लोग मौके पर ही कुछ प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग पर अड़ गए। काफी समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त कर दिया।  
विज्ञापन


धनगर समाज के प्रतिनिधियों ने शासनादेश के बावजूद अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र जारी नहीं होने के विरोध में जीआईसी मैदान में जनसभा का आह्वान किया था। सोमवार को बड़ी तादाद में जिले भर से लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों व अन्य वाहनों से पहुंच गए। दोपहर तक जनसभा चलती रही। वक्ताओं ने अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी करने की पुरजोर मांग की, लेकिन प्रशासनिक या पुलिस अधिकारियों के वहां नहीं पहुंचने पर भीड़ ने कलक्ट्रेट की ओर कूच कर दिया। आलम यह था कि भीड़ के सामने कलक्ट्रेट परिसर छोटा पड़ गया।
विज्ञापन


एलान कर दिया गया कि मौके पर ही कुछ प्रमाण पत्र बनाकर लोगों को दिए जाएं, तभी वे कलक्ट्रेट से हटेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन अमित सिंह तथा सीओ हरीश भदौरिया ने प्रतिनिधियों से बात की, लेकिन वे धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। करीब ढाई घंटे तक बार-बार हुई वार्ता के बाद प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। 27 फरवरी को प्रशासनिक अधिकारी और धनगर समाज के प्रतिनिधियों की वार्ता होगी। चेतावनी दी कि यदि प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रकाश चौक पर लगाया जाम
मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट परिसर में धरना दे रही भीड़ के अलावा बड़ी संख्या में धनगर समाज के लोग जीआईसी मैदान में मौजूद थे। उनके आने का सिलसिला जारी था। पुलिस ने प्रकाश चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया. तो युवाओं ने जाम लगा दिया। महावीर चौक पर भी जाम लगाया गया। कचहरी रोड से जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। वाहन चालकों को दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ा। शाम करीब साढ़े चार बजे धरना समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

अफसरों की नासमझी करा सकती थी बड़ा बवाल
मुजफ्फरनगर। प्रशासन और पुलिस के अफसरों ने दो अप्रैल 2018 को हुए अनुसूचित जाति के आंदोलन से भी कोई सबक नहीं लिया। आयोजकों के पास कार्यक्रम की अनुमति थी। इसके बावजूद जीआईसी मैदान में कोई अफसर ज्ञापन लेने नहीं गया। यदि अफसर वहां पहुंच जाते तो भीड़ को कलक्ट्रेट कूच करने से रोका जा सकता था।

जीआईसी मैदान से कलक्ट्रेट की ओर कूच करती अनियंत्रित भीड़ को देखकर प्रशासनिक अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। सीओ सिटी हरीश भदौरिया स्थिति को भांपकर नियंत्रित करने के बजाए आयोजकों पर भड़क पड़े। इसे लेकर कई बार भीड़ उग्र भी हुई। लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा था कि भारी भीड़ के बावजूद जीआईसी मैदान में कोई अफसर ज्ञापन लेने नहीं आया। अफसरों की इसी नासमझी की बदौलत शहर वासियों को घंटों जाम झेलना पड़ा।  

जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन दिया
प्रदर्शनकारियों की ओर से डीएम के नाम ज्ञापन एडीएम को दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि सभी तहसीलदारों को धनगर समाज के एससी प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए जाएं। इस दौरान  पूर्व विधायक मिथलेश पाल, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह धनगर, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन सत्यपाल पाल, तरुण पाल, मांगेराम कैडी, श्रीपाल धनगर, अंकुर पाल धनगर, सुरेश चंद्र धनगर,  विनय कुमार आदि शामिल रहे।

दूसरे संगठन ने किया विरोध
मुजफ्फरनगर। धनगर समाज के दूसरे पक्ष के लोगों ने गडरिया की उपजाति सहला निखर पर अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र जारी कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। भगवती मंदिर केवलपुरी में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय धनगर ने कहा कि 22 फरवरी को उन पर हमला करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। बैठक में जिलाध्यक्ष शिव सिंह धनगर, रजनीश धनगर, सभासद विजेंद्र धनगर, देशबंधु तोमर, रोहिताश धनगर, सुनील पटवारी, ब्रह्म सिंह आदि शामिल रहे।

धनगर समाज के लोगों ने रेलवे ट्रैक कब्जाया
अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले धनगर समाज के लोगों ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर आधा घंटे तक रेल संचालन बाधित रखा, जिससे ट्रेनों के पहिये थम गए। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक की ओर से जीआरपी में करीब 80-100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरपीएफ में भी मुकदमे को तहरीर दे दी गई है। उधर, शहर में जाम लगाने के मामले में भी सिविल लाइन थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

शाम करीब पांच बजे काफी लोग जानसठ रोड ओवरबिज रेलवे स्टेशन जा पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया। नए बनाए गए डबल ट्रैक पर पत्थर डालने वाले ट्रेन के सामने भी ये लोग खड़े हो गए। करीब 35 मिनट तक रेलवे का संचालन बाधित रहा। बाद में पुलिस ने इन लोगों को ट्रैक से हटाया। इस दौरान देहरादून एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर स्टेशन पर, सुपर और दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर जड़ौदा स्टेशन पर खड़ी रही। तीनों ट्रेन करीब आधा घंटे प्रभावित हुई।


इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी की ओर से जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शहर मेें प्रकाश चौक और महावीर चौक पर जाम लगाने मामले में सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम ने अपनी तरफ से धनगर समाज के पुष्पांकर पाल, विनय पाल, अमरनाथ व मांगेराम को नामजद करने के साथ ही करीब 250 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जाम लगाने व हंगामा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed