मुजफ्फरनगर: वंश का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार, यशवीर महाराज बोले-मौत नहीं हत्या; आरोपियों का हो एनकाउंटर
मुजफ्फरनगर में बेलड़ा मेले की मारपीट के बाद गंगनहर में कूदे वंश का अंतिम संस्कार किया गया। यशवीर महाराज ने इसे हत्या बताते हुए आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के बेलड़ा मेले में मारपीट के बाद जान बचाने के लिए गंगनहर में कूदे वंश का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। इस दौरान स्वामी यशवीर महाराज ने वंश की मौत को हत्या बताते हुए आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।
‘वंश की मौत नहीं, हत्या हुई है’
स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि वंश की मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।
ग्रामीणों ने परिवार के लिए मांगी सरकारी मदद
अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों ने वंश की बहन वंशिका को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही उसकी मां मौसम देवी के लिए रोजगार की व्यवस्था और परिवार के लिए आवास बनवाने की मांग भी रखी गई।
क्या था पूरा मामला
सोमवार रात अर्जुन प्रजापति के मोबाइल पर कॉल आने के बाद भोपा निवासी वंश, विपुल और शेखर गांव बेलड़ा के मेले में गए थे। मेले में अर्जुन का बेलड़ा निवासी रिजवान के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवकों के साथ मारपीट की गई।
जान बचाकर गंगनहर में कूदे थे युवक
मारपीट के बाद जान बचाने के लिए वंश, अर्जुन और शेखर गंगनहर में कूद गए, जबकि विपुल झाड़ियों में छिप गया था। बाद में सभी युवक घर पहुंच गए, लेकिन वंश लापता हो गया था।
वंश के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की। वंश के जीजा महमूदपुर माजरा निवासी जोनी ने रिजवान समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बुधवार शाम वंश का शव बरामद हुआ।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में बेलड़ा निवासी रिजवान, अफजल, साहिल उर्फ भोलू, सुहेल उर्फ अजूबा, अलबक्श उर्फ बक्शी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच के बीच उठी सख्त कार्रवाई की मांग
वंश के अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों और परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश रहा। ग्रामीणों ने परिवार की आर्थिक मदद और रोजगार की मांग के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और पूरे मामले की जांच में जुटी है।