Muzaffarnagar: किसान-मजदूर पंचायत में गरजे खाप चौधरी, नरेश टिकैत बोले- गांव को नहीं मिली बिजली तो रोकेंगे शहर की आपूर्ति
मुजफ्फरनगर के काकड़ा में बालियान खाप की ओर से किसान मजदूर पंचायत आयोजित की गई। पंचायत विभिन्न खाप चौधरियों और संगठनों के लोग भी शामिल हुए। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि यदि गांव में बिजली नहीं मिली तो शहर की सप्लाई भी रोकी जाएगी।
विस्तार
मुजफ्फरनगर काकड़ा में बालियान खाप की ओर से बुलाई गई किसान-मजदूर पंचायत में आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों की विभिन्न खापों के चौधरी गरजे। सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान ने कहा कि सामाजिक मुद्दों, किसानों की समस्याओं पर काकड़ा में मंथन किया गया।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि अगर गांव और किसानों को बिजली नहीं मिली तो शहर में भी बिजली सप्लाई नहीं होने देंगे। बड़ी-बड़ी बिजली लाइनें किसानों के खेतों से होकर गुजर रही हैं। किसान इन बिजली लाइनों को उखाड़ कर फेंक देंगे। टिकैत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जानकारी नहीं है, अधिकारी पर्दे के पीछे लूट कर रहे हैं। किसान और प्रदेश की जनता बेहाल है।
काकड़ा गांव के स्वामी कल्याणदेव कन्या इंटर कॉलेज में बालियान खाप ने यह किसान मजदूर महापंचायत बुलाई। पंचायत को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह रहा और ग्रामीण बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: Deoband: जमीयत के अधिवेशन में बोले मदनी- यदि हमारा खाना-पहनना पसंद नहीं तो कहीं और चले जाओ
पंचायत में कुल आठ प्रस्ताव हुए पास
पंचायत के दौरान कुल आठ प्रस्तावों पर मुहर लगी।
-किसान संयुक्त किसान मोर्चा से जल्द से जल्द वार्ता शुरू करें।
-एमएसपी गारंटी कानून, बिजली, एनजीटी जैसे मुद्दों का समाधान करें।
किसान आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को बिना शर्त वापस लिया जाए।
-शहीद किसानों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
कॉलेज के प्रबंधक मास्टर राधेश्याम बालियान ने बताया कि बताया कि महापंचायत में बालियान खाप के गांवों के अलावा अन्य खापों सहित हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व उत्तराखंड सहित पूर्वी उत्तरप्रदेश के हजारों किसान व मजदूर भाग लेने पहुंचे।
सोरम निवासी भाकियू नेता सतबीर सिंह सैकेट्री ने बताया कि महापंचायत को लेकर किसान व मजदूरों में भारी उत्साह रहा। सोरम गांव से पांच दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर किसान मजदूर महापंचायत में पहुंचे। गांव गोयला के पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह ने बताया कि काकड़ा से आगामी रणनीति तय की गई।
भंडारों का किया गया इंतजाम
बालियान खाप की ओर से महापंचायत में आने वाले किसानों के खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। अलग-अलग गांव की ओर से भंडारे लगाए गए हैं।