देवबंद (सहारनपुर)। मंडलायुक्त लोकेश एम. ने संपूर्ण समाधान दिवस और मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व स्वावलंबन तथा रोजगार के लिए चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
देवबंद में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त लोकेश एम ने 6 अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। अनुपस्थित अधिकारियों में उप मुख्य चिकित्साधिकारी नागल, गन्ना निरीक्षक देवबंद, सहायक अभियंता विद्युत नागल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत नागल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत देवबंद, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण देवबंद शामिल है। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधीनस्थ अधिकारियों से समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण करने को निर्देशित किया। इस दौरान डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह की उपस्थिति में सिर्फ एक शिकायत का निस्तारण हुआ। डीआईजी ने कहा कि अपराधियों को पुलिस की कार्य प्रणाली का अहसास दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि ईनामी अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाए। थानों पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। राजस्व की 5, विद्युत विभाग की 2, नगर पालिका की 1, नलकूप खंड की 1, गंगनहर मुजफ्फरनगर की 1, खंड विकास अधिकारी देवबंद की 2, खंड विकास अधिकारी नागल की 1, पुलिस विभाग की 2, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत 16 शिकायत प्राप्त हुई। मंडलायुक्त ने सभी शिकायतों को आगामी संपूर्ण समाधान दिवस से पूर्व निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी देहात अतुल शर्मा, एसडीएम राकेश कुमार सिंह, सीओ रजनीश उपाध्याय आदि रहे।