रामपुर तिराहा कांड: सात शहीदों के स्मारक का शिलान्यास, सीएम धामी ने 27 लाख रुपये किए स्वीकृत
रामपुर तिराहा कांड की 32वीं बरसी पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सात शहीदों के प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया। उन्होंने 27 लाख रुपये की स्वीकृति समेत कई घोषणाएं कीं।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्थल पर रामपुर तिराहा कांड की 32वीं बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उत्तराखंड आंदोलन के दौरान शहीद हुए सात आंदोलनकारियों के प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा स्थल के लिए 27 लाख रुपये की स्वीकृति दी।
सात शहीदों के प्रतिमा स्थल का शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए राजेश नेगी, गिरीश भद्री, सत्येंद्र सिंह चौहान, रविंद्र रावत चौहान, अशोक कुमार, राजेश लखेरा और सूर्य प्रकाश थपलियाल के प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया।
यह भी पढ़ें:सियासत: जयंत को एनडीए के कोटे से राज्यसभा भेजने की तैयारी, विधानसभा चुनाव में सपा के मुद्दे को रोकने की रणनीति
27 लाख रुपये किए स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने प्रतिमा स्थल के निर्माण के लिए 27 लाख रुपये की स्वीकृति दी। उन्होंने उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों के घरों के पास भी उनकी मूर्ति स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शहीद हुए 1847 लोगों की याद में गांव के समीप स्मारक बनाने की बात कही।
आरआरटीएस को लेकर कही यह बात
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह रुड़की और हरिद्वार को आरआरटीएस से जोड़ने के प्रयास में भी हैं। उन्होंने राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल की मांग का समर्थन करते हुए मुजफ्फरनगर होते हुए रुड़की और हरिद्वार तक आरआरटीएस लाने की बात कही।
हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे पहुंचाने की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे हरिद्वार तक स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में गंगा तक पहुंचे बिना एक्सप्रेसवे का कोई औचित्य नहीं है।