बिना मास्क आने वाले ग्राहक को सामान न दें दुकानदार : डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने कहा कि अनलॉक-एक प्रारंभ हो चुका है। इसमें ज्यादातर गतिविधियों को छूट दी गई है। इस समय आवाजाही भी हो रही हैं। सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सतर्क व भ्रमणशील रहकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। जिले में कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के न घूमता मिले। दुकानदार बिना मास्क वाले को सामान न दें।
जिला पंचायत सभागार सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट के साथ बैठक में डीएम ने कोरोना को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित कराया जाए कि दुकानदार बिना मास्क वाले व्यक्ति को कोई सामान न दें। वह अपनी दुकान पर सैनिटाइजर व अन्य आवश्यक वस्तु जैसे शीट आदि लगाएं, ताकि संक्रमण का खतरा न हो। दुकानों पर भीड़ न हो सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन हो। अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय व्यक्तियों से संपर्क में रहे। प्रचार प्रसार को नुक्कड़ नाटक आदि कराए जाएं, ताकि जनमानस जागरूक हो सके। इस अवसर पर सीडीओ आलोक यादव, एसपी सिटी सतपाल अंतिल, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।