डकैती का खुलासा: कारोबारी के कार चालक ने कराई थी वारदात, छह बदमाश गिरफ्तार, पूछताछ में उगला बड़ा राज
मुजफ्फरनगर में व्यापारी के घर हुई डकैती का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 12 लाख रुपये की नगदी, जेवरात और कार, बाइक और असलहा बरामद किया है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में नई मंडी के गोशाला रोड पर छह दिन पूर्व गुड़ कारोबारी के घर हुई डकैती का खुलासा हो गया है। एसटीएफ, थाना पुलिस ने छह लुटेरों को गिरफ्तार करते हुए 12 लाख नकद और सोने के जेवरात बरामद किए हैं। वारदात में शामिल आठ बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। कारोबारी के कार चालक ने ही डकैती की वारदात को अंजाम दिलाया था।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में गोशाला रोड घेरखत्ती निवासी गुड़ कारोबारी नंदकिशोर गोयल के घर में घुसकर 26 सितंबर की शाम बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर जेवरात और नकदी लूट ली थी। एसएसपी अभिषेक यादव ने वारदात के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया था, जिसमें बाद में एसटीएफ नोएडा को भी लगाया गया था। शनिवार दोपहर पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, सीओ एसटीएफ विनोद सिरोही और सीओ मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि डकैती की वारदात में कुल 14 बदमाश शामिल थे।
गुड़ कारोबारी के कार चालक भरतिया कॉलोनी निवासी तुषार कश्यप ने अपने साथियों के साथ मिलकर ही वारदात को अंजाम दिया था। एसपी सिटी ने बताया कि वारदात में शामिल कार चालक समेत छह लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आठ अन्य बदमाश फरार हैं, जिन्हें चिह्नित किया जा चुका है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ समेत अन्य पुलिस टीमें भी लगी हुईं हैं। लुटेरों के कब्जे से लूटी गई धनराशि 15 लाख रुपये में से 12 लाख नकद, पांच सोने के हार में से तीन हार, दो अंगूठी व चार कानों के टॉप्स के साथ ही लूट में इस्तेमाल की गई कार, बाइक और असलाह भी बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
पांच लुटेरों के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
गुड़ कारोबारी के घर डकैती को अंजाम देने वाले लुटेरों में दिल्ली के गांधीनगर निवासी सुशांत उर्फ लंबू, गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र के सेक्टर-23 फ्रेंड्स कॉलोनी संजय नगर निवासी प्रवीण पाल, दिल्ली की गीता कॉलोनी में मोहल्ला खुरेजी निवासी सोनू, जनपद बागपत के गांव कोताना निवासी दीपक त्यागी उर्फ काला, बुढ़ाना के चंधेड़ी रोड निवासी शाहरुख पठान और कारोबारी का कार चालक भरतिया कॉलोनी निवासी तुषार कश्यप शामिल है। इनमें दीपक त्यागी के खिलाफ चार मुकदमे, शाहरुख पठान के खिलाफ तीन मुकदमे, सुशांत उर्फ लंबू के खिलाफ दस मुकदमे और प्रवीण पाल के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: भीषण विस्फोट: तेज धमाके से दहल उठा पूरा इलाका, खौफनाक मंजर देख कांप गई लोगों की रूह, चार की मौत
पुलिस कार्रवाई पर पूरी नजर रख रहा था तुषार
गुड़ कारोबारी नंदकिशोर गोयल के घर डकैती का सूत्रधार उन्हीं का कार चालक तुषार कश्यप था। वारदात के बाद भी आरोपी घर में ही मौजूद रहकर पुलिस कार्रवाई पर पैनी नजर रखे हुए था।
वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो कार चालक ही सबसे पहले शक के दायरे में आया। इस दौरान उसके मोबाइल पर कई अलग-अलग नंबरों पर लगातार बात होने की जानकारी मिली, तो उसे वॉच किया गया, जिससे वारदात का खुलासा हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि कार चालक को घर में रखे गए रुपयों की पूरी जानकारी थी। वारदात के दिन वह दोपहर 2.30 बजे ही छुट्टी लेकर चला गया, लेकिन शाम को घटना के समय खुद ही लौट आया। वारदात के बाद भी वह घर में ही मौजूद रहकर परिजनों की गतिविधियों के साथ ही पुलिस कार्रवाई पर भी पैनी नजर रखे रहा। बाद में मोबाइल ट्रेस कर उसके साथियों को चिह्नित किया गया, जिनमें से पांच गिरफ्तार कर लिए गए।
यह भी पढ़ें: यूपी: घर से मंदिर के लिए निकली थी युवती, सिरफिरे आशिक ने रास्तें में रोककर बरसाईं गोलियां, फिर खुद घर जाकर उठाया खौफनाक कदम
वारदात को अंजाम देने वाले सभी बदमाश गैर जनपदीय
गुड़ कारोबारी के घर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले सभी बदमाश गैर जनपद के हैं। इनमें अधिकांश गाजियाबाद व दिल्ली के बदमाश शामिल हैं। कार चालक ने अपने स्थानीय अपराधी प्रवृत्ति के साथी को कारोबारी के घर में रुपयों की आवाजाही के बारे में जानकारी दी, जिसने अपने अन्य साथियों को इसके बारे में बताया। इसके बाद पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।