मोरना में कच्ची शराब की भट्ठी पकड़ी
मोरना। गांव भुवापुर में मकान में चल रही कच्ची शराब बनाने की भट्ठी को ककरौली पुलिस ने पकड़ ली। पुलिस ने मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया। ककरौली थाना प्रभारी जितेंद्र अंबावत ने बताया कि गांव भुवापुर में मकान के अंदर कच्ची शराब की भट्ठी की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम गांव में पहुंची। पुलिस ने कैलाश पुत्र बाबूराम के मकान में छापेमारी की, तो मकान के अंदर बरामदे में कच्ची शराब की भट्ठी चलती हुई मिली। पुलिस ने आरोपी कैलाश के साथ 10 लीटर कच्ची शराब सहित भारी मात्रा में लहन बरामद किया। लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के उपकरण कनस्तर, टीन, पतीली, कीप, पाइप आदि सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर जेल भेज दिया।