मुजफ्फरनगर: जयंत चौधरी नहीं दे रहे मुलाकात का वक्त, ईंट भट्ठा मालिकों में नाराजगी, आवास पर धरने की चेतावनी
ईंट निर्माता कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रमोद बालियान ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात का समय नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एनसीआर और उत्तर प्रदेश के भट्ठा मालिकों की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय मंत्री से पहल की मांग की है। मुलाकात नहीं होने पर दिल्ली आवास पर सांकेतिक धरना देने की चेतावनी दी है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में ईंट निर्माता कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रमोद बालियान ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात का समय नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उनके दिल्ली स्थित आवास पर सांकेतिक धरना देने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि एनसीआर और उत्तर प्रदेश के भट्ठा मालिकों की दो प्रमुख समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री को समाधान की पहल करनी चाहिए। बालियान पिछले करीब दो महीने से इन समस्याओं को लेकर दिल्ली में सक्रिय हैं।
कई सांसदों को दिया जा चुका है प्रत्यावेदन
प्रमोद बालियान ने बताया कि उन्होंने साथी पदाधिकारियों के साथ कई सांसदों को समस्याओं के संबंध में प्रत्यावेदन दिए हैं। 13 अगस्त को इंदिरा पर्यावरण भवन, नई दिल्ली में पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ उनकी वार्ता भी हुई थी। बालियान के अनुसार, बैठक में पर्यावरण मंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था।
यह भी पढ़ें: तबादले: सूरज राय होंगे मुजफ्फरनगर के नए पुलिस कप्तान; पूर्णेन्दु सिंह को मिली बागपत की कमान
सांसदों ने पर्यावरण मंत्री को लिखी चिट्ठी
बालियान के मुताबिक, इसके बाद सांसद राजकुमार सांगवान, भोला सिंह, सुरेंद्र नागर और चंदन चौहान ने पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान की सिफारिश की। हरियाणा के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने भी इस मामले में सिफारिश की है। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी इस विषय में पर्यावरण मंत्री से सिफारिश कर चुके हैं।
जयंत चौधरी से सिफारिश की मांग
बालियान का कहना है कि वह रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से भी भट्ठा मालिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सिफारिश चाहते हैं। उनका कहना है कि अभी तक उन्हें केंद्रीय मंत्री से मिलने का समय नहीं मिल सका है।
मुलाकात नहीं हुई तो देंगे सांकेतिक धरना
प्रमोद बालियान ने कहा कि यदि उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला तो वह केंद्रीय मंत्री का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास पर सांकेतिक धरना देंगे। उन्होंने कहा कि भट्ठा मालिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं।