बिजनौर लोकसभा सीट: पुरकाजी-मीरापुर विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला, बसपा ने मुस्लिम वोटों में की सेंधमारी
लोकसभा चुनाव के लिए आज मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मुजफ्फरनगर की पुरकाजी और मीरापुर विधानसभा बिजनौर लोकसभा में आती है। इस सीट पर आज मतदाताओं की स्थिति को देखते हुए त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन रहे हैं। पढ़ें ये रिपोर्ट
विस्तार
बिजनौर लोकसभा की पुरकाजी और मीरापुर विधानसभा सीट पर तिकोना मुकाबला नजर आया। मीरापुर क्षेत्र में मुस्लिमों ने साइकिल चलाई, जबकि सैनी वोट बंटते नजर आए। दलित मतदाताओं का रुझान बसपा की तरफ दिखा, जबकि जाट और गुर्जर रालोद के पक्ष में जाते दिखाई दिए। बसपा ने मुस्लिम और जाट मतों में भी सेंधमारी की। छपार क्षेत्र के त्यागी और राजपूत मतदाताओं में भी बिखराव नजर आया।
बिजनौर लोकसभा की मीरापुर सीट से रालोद प्रत्याशी चंदन चौहान विधायक है। उनके लिए उनका विधानसभा क्षेत्र ही बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है। मीरापुर सहित अन्य कुछ स्थानों पर बसपा ने भी मुस्लिमों में सेंधमारी की है।
पुरकाजी विधानसभा में भी मुकाबला दिलचस्प रहा। यहां त्यागी बाहुल्य गांवों में वोटों का बंटवारा हुआ। त्यागी रालोद और निर्दलीय प्रत्याशी बॉबी त्यागी में बंटे दिखाई दिए। शहर से सटे सरवट गांव में सपा और रालोद में कड़ा मुकाबला दिखाई दिया। इस सीट पर भी तीनो प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला होने के आसार है।