बुढ़ाना। विधि विधान से हवन पूजन के साथ बजाज चीनी मिल भैंसाना के पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर गन्नों से लदी पहली बैल-बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लाने वाले किसान को सम्मानित किया गया।
कांटे पर तौल के समय चीनी मिल के उपाध्यक्ष राजसिंह चौधरी, उपजिलाधिकारी दीपक कुमार व पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय प्रकाश सिंह ने चीनी मिल के अधिकारियों व किसानों के साथ बैलों की पूजा की। बैलों की पूजा के बाद बैल बुग्गी लाने वाले किसान गांव गढ़ी सखावपुर निवासी रणबीर को सम्मानित किया गया। पहली ट्रैक्टर ट्राली लाने वाले किसान को भी सम्मानित किया गया। गन्नों से भरी बैल बुग्गी का तौल करवाने के बाद केनयार्ड में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया। मौके पर चीनी मिल के उपाध्यक्ष राजसिंह चौधरी ने किसानों को पत्ती व मिट्टी रहित साफ सुथरा गन्ना लाने की अपील की। गन्नों के साथ पत्ती, अगोला व मिट्टी आने से रिकवरी पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। किसानों की गन्ने संबंधी अपने स्तर की हर समस्या का वे समाधान करेंगे। किसानों को कोई परेशानी नही होने दी जाएगी। इस मौके पर जंग बहादुर तोमर, रविंद्र सिंह, विजयपाल सिंह व राजकुमार आदि सहित चीनी मिल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।