आर्यवीरों ने साहसिक क्रियाकलापों से मन मोहा
तलहेडी बुजुर्ग (सहारनपुर)। श्री गांधी वैदिक इंटर कॉलेज चंदेना कोली में आयोजित नौ दिवसीय आर्यवीर दल के प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया। इस दौरान आर्यवीरों ने साहसिक क्रियाकलापों का प्रदर्शन कर अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम ने कहा कि आर्य समाज की युवा विंग आर्यवीर दल युवाओं को संस्कारवान बना रहा है। इसलिए हम सबकों अपने बच्चों को संस्कारवान बनाने की शिक्षा दिलानी चाहिए। स्वामी ऋषिपाल ने कहा कि हमें इंसान द्वारा बनाई गई जाति व्यवस्था को खत्म कर समाज में समरसता लाने का काम करना चाहिए। ताकि हमारा समाज और देश तरक्की की राह पर आगे बढ़ सके। इस दौरान आर्यवीरों ने साहसिक क्रियाकलापों का प्रदर्शन किया। अध्यक्षता मांगेराम शास्त्री व संचालन प्रियव्रत शास्त्री ने किया। इस मौके पर चौ. बख्तावर सिंह, चौधरी कालूराम, विनय कुमार, पूर्व प्रधान जोगेंद्र सिंह, विपिन कुमार, रविंद्र मलिक, राजबीर सिंह, चौधरी अनुराग व राजेंद्र आदि मौजूद रहे।