प्रेमी के घर पहुंची शादीशुदा प्रेमिका: बोली- कार्यक्रम में मुलाकात, फिर बातचीत और दुष्कर्म, इसलिए अब तक थी चुप
महिला ने बताया कि तीन साल पहले एक कार्यक्रम में उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। तब दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत शुरू हो गई थी।
विस्तार
मुरादाबाद के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र के अगवानपुर में बुधवार रात शादीशुदा महिला प्रेमी के घर पहुंच गई। उसने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। वह प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनी। अब तक महिला ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं की है।
संभल जनपद के सिरसी क्षेत्र की रहने वाली महिला बुधवार रात अगवानपुर के मोहल्ला नियारियान में एक युवक के घर में जाकर बैठ गई। महिला ने बताया कि तीन साल पहले एक कार्यक्रम में उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। तब दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत शुरू हो गई थी।
आरोप है इसी दौरान युवक ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो युवक ने उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद महिला फिर से उसके बहकावे में आ गई। युवक का महिला के घर आना-जाना भी शुरू हो गया।
महिला ने बताया कि युवक ने उसके दोनों बच्चों को स्वीकार करने का भरोसा भी दिलाया। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे बिना बताए एक साल पहले दूसरी युवती से शादी कर ली। महिला को इस बात भी भनक लगी तो वह उसके घर पहुंच गई। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
लोगों ने किसी तरह महिला को शांत कराया। वह युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि हंगामे की सूचना मिली पर अगवानपुर पुलिस चौकी इंचार्ज मृदुल कुमार को मौके पर भेजा गया था। महिला ने अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं की है। अगर प्रार्थना पत्र देगी तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।