UP: मुरादाबाद में लोनिवि और जल निगम में रार, जर्जर कांठ रोड की समस्या बरकरार, कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश
मुरादाबाद में कांठ रोड जर्जर होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के कारण वाहन चालकों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। काम में देरी होने का कारण विभाग एक दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांठ रोड जर्जर होने के कारण आम लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। रोड के निर्माण में देर होने पर लोनिवि और जल निगम एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं। इस मामले में मंडलायुक्त ने अपर आयुक्त से जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बारिश होने के बाद जर्जर कांठ रोड की कलई खुल गई है।
जल निगम ने भटावली से लेकर पीएसी तिराहे तक जहां रोड की खोदाई की थी, उन स्थानों पर बसें, टेंपो और बाइक के पहिए दो दिन तक धंसते रहे। जाम से भी लोग परेशान होते रहे। इस रोड पर लोनिवि ने बालू डालकर गड्ढों को पाटने की कोशिश की, लेकिन समस्याएं कम नहीं हुई हैं।
शहर से लेकर शेरूआ चौराहा अगवानपुर तक रोड जर्जर होने से जगह-जगह पानी भर गया। हालत यह है कि आए दिन बाइक सवार गिर रहे हैं। लोनिवि ने अकबर किला के नजदीक दो स्थानों पर चार पुलिया का निर्माण किया है, ताकि बारिश में जलभराव न हो सके।
यहां वाहनों का आवागमन दो पुलिया के ऊपर से हो रहा है। सड़क हादसों की जानकारी मिलने के बाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह बारिश के पहले रोड बनाने के लिए लोनिवि के अभियंताओं को निर्देश दिए थे, फिर भी समय से रोड नहीं बनाई गई।
इधर जल निगम भी रोड की खोदाई करता रहा। इस मामले में लापरवाही की जांच करने के लिए अपर आयुक्त प्रशासन को जिम्मेदारी दी गई है। मंडलायुक्त का मानना है कि फिलहाल रोड निर्माण में दोनों विभाग बाधक बने हुए हैं। जांच से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। दोनों विभागों के बीच रार को समाप्त किया जाएगा।
जल निगम के अभियंता ने पत्र का नहीं दिया जवाब
लोक निर्माण विभाग के अभियंता का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के लिए इस रोड की खोदाई जल निगम कर रहा था। इस मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता को लोनिवि ने पत्र भेजकर सवाल किया था कि कब तक रोड का काम पूरा करेंगे।
रोड का निर्माण होने पर खोदाई की इजाजत नही मिलेगी। जल निगम ने खोदाई के लिए पिछले साल परमिशन मांगी थी। खोदाई के एवज में जल निगम ने 485 लाख रुपये लोनिवि को दिए थे, लेकिन लगातार खोदाई के चलते रोड निर्माण का काम बाधित हो गया है।
ठेकेदार काम करने के लिए तैयार
लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवेद खां का कहना है कि 22.500 किमी रोड निर्माण के लिए टेंडर पहले ही पास हो चुका है। रोड का काम करने के लिए सोमवार को ठेकेदार से एग्रीमेंट साइन हो जाएगा। इसके बाद ठेकेदार काम शुरू कर देगा, लेकिन जल निगम को भी लिखित जवाब देना होगा कि वे रोड की खोदाई नहीं करेंगे। शासन रोड निर्माण के लिए 32 करोड़ 55 लाख रुपये जनवरी 24 में स्वीकृत किया था।
भटावली से पीएसी तिराहे तक करीब पांच किमी सीवर लाइन डालने का काम जल निगम ने कराया है। पालीटेक्निक के पास सिर्फ 20 मीटर भाग में मैनहोल के फिनिशिंग का काम छोड़ शेष पूरा हो चुका है। सीवर लाइन से क्षतिग्रस्त सड़क पीडब्ल्यूडी को बनानी है। इसके लिए फरवरी में पैसे पीडब्ल्यूडी को दिए जा चुके हैं। सड़क न बन पाने के लिए पीडब्ल्यूडी जिम्मेदार है। -मोहित कुमार राय, अधिशासी अभियंता, जल निगम