मुरादाबाद सट्टेबाजी केस: कारोबारी ने गंवाया सवा किलो सोना, भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत, नया प्रकरण आया सामने
सट्टे में सवा किलो सोना और करोड़ों रुपये गंवाने वाले व्यापारी ने भाजपा नेता समेत चार लोगों पर आरोप लगाया है। व्यापारी ने पुलिस से धमकी मिलने और गिरोह का खुलासा करने की मांग की है। एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
विस्तार
आईपीएल सट्टा लगवाने वालों पर कार्रवाई हुई तो एमसीएक्स में सवा किलो सोना और करोड़ों रुपये गंवाने वाला एक व्यापारी सामने आ गया। उसने पुलिस से शिकायत कर इस नए गिरोह का खुलासा कराने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि एक भाजपा नेता समेत चार लोग इस गिरोह को चला रहे हैं।
उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि उसके जैसे तमाम लोग इनके चंगुल में फंसकर अपनी कमाई गंवा चुके हैं। एसएसपी ने इस मामले में जांच करने के आदेश दिए हैं। सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी की मंडी चौक में ज्वेलरी की दुकान है। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
प्रार्थनापत्र देकर बताया कि कुछ लोगों ने उसे एमसीएक्स में सट्टा लगाने का लालच दिया। आरोपी उससे रोज किसी न किसी तरह से सट्टा लगवाते थे। जिसमें वह सवा किलो सोना और कई करोड़ रुपये गंवा चुका है। उसने एक भाजपा नेता और उसके तीन अन्य साथियों पर आरोप लगाया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी उससे रकम की मांग कर रहे हैं। रकम न देने पर धमकियां मिल रही हैं। जिस कारण वह तीन दिन पहले अपना मोबाइल बंद कर कहीं चला गया था। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि एक व्यक्ति से शिकायत की है। इस मामले में जांच की जा रही है।
मकान बेचने के नाम पर 41 लाख की धोखाधड़ी
मझोला थाना क्षेत्र में मकान बेचने के नाम पर एक महिला से 41 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दंपती और उनके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मझोला के कांशीराम नगर निवासी गीता ने बैंक कॉलोनी खुशहालपुर निवासी लक्की कालरा, उसकी पत्नी रचना और उसके बेटों शिवम और तनिष्क के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
महिला ने बताया कि शिवम कालरा दो साल पहले उनकी बेटी को ट्यूशन पढ़ाने आता था। तब उसने अपना मकान बेचने की बात की थी। आरोपियों ने 1.12 करोड़ में मकान का सौदा किया। इसके बाद आरोपी लक्की कालरा और शिवम कालरा ने उससे 1.30 लाख रुपये एडवांस में ले लिए थे। इसके अलावा अलग-अलग 22 लाख 80 हजार रुपये ऑनलाइन और 18 लाख 20 हजार रुपये कैश ले लिए।
इस तरह आरोपी 41 लाख रुपये ले चुके हैं। रकम लेने के बाद आरोपियों ने मकान का बैनामा नहीं कराया। महिला का आरोप है कि उसने और उसके पति ने रकम वापस मांगी तो आरोपी धमकी देने लगे। मझोला थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।