यूपी: रामपुर में सीआरपीएफ आतंकी हमले से बरी शरीफ की गोली मारकर हत्या, थाने से लौटते वक्त नकाबपोशों ने भून डाला
मृतक के पुत्र वाइज खां के अनुसार थाने में थाना प्रभारी नहीं मिले। इसके बाद वह अपने पिता को बाइक पर पीछे बैठाकर घर जा रहा था। थाने से थोड़ी दूर निकलते ही खजुरिया-गोधी रोड पर पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे नकाबपोश दो युवकों ने उनके पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
विस्तार
यूपी के रामपुर सीआरपीएफ आतंकी हमले में बरी होकर करीब एक साल से अपने घर रह रहे खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अकिलपुर उर्फ बदनपुरी निवासी मोहम्मद शरीफ खां (53) को मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे खजुरिया थाने के समीप बाइक सवार नकाबपोश दो युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक करके गोलियों से भून दिया। वह अपने पुत्र मोहम्मद वाइज खां के साथ थाने में पेश होकर बाइक से घर जा रहे थे। घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। परिजनों ने अस्पताल में खजुरिया पुलिस पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीओ पीपी सिंह ने हंगामा करने वालों को शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कई बार फोन कर सिपाही ने बुलाया था थाने
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अकिलपुर उर्फ बदनपुरी निवासी मोहम्मद शाहीन खां के अनुसार खजुरिया थाने में तैनात एक सिपाही ने मंगलवार को उन्हें कई मर्तबा फोन किया। सिपाही ने फोन करके उनसे कहा कि वह अपने बड़े भाई मोहम्मद शरीफ खां (53) को थाने भेज दें, थाना प्रभारी उन्हें बुला रहे हैं। इसके बाद मोहम्मद शरीफ खां शाम करीब 6:30 बजे अपने पुत्र मोहम्मद वाइज खां के साथ खजुरिया थाने पहुंचे।
नकाबपोश थे बदमाश
मृतक के पुत्र वाइज खां के अनुसार थाने में थाना प्रभारी नहीं मिले। इसके बाद वह अपने पिता को बाइक पर पीछे बैठाकर घर जा रहा था। थाने से थोड़ी दूर निकलते ही खजुरिया-गोधी रोड पर पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे नकाबपोश दो युवकों ने उनके पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसके कारण उसके पिता घायल होकर बाइक से नीचे गिर गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपी हमलावर गोधी गांव की ओर भाग गए।
पुलिस ने निजी अस्पताल जाने नहीं दिया
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर खजुरिया थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। मोहम्मद शरीफ के परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल को तुरंत ही रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले जाने लगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रुद्रपुर नहीं जाने दिया, बल्कि पुलिस उन्हें अपनी मौजूदगी में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आई, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद शरीफ को मृत घोषित कर दिया।
परिजन बोले- योजना के तहत हुई हत्या
इस दौरान परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि शरीफ की हत्या पुलिस ने योजनाबद्ध ढंग से कराई है। मृतक के परिजनों का कहना था कि थाने का एक सिपाही सुबह से ही लगातार शरीफ को थाने में बुलाने के लिए फोन कर रहा था, लेकिन जब वह थाने में पहुंचे तो थाना प्रभारी थाने में मौजूद नहीं थे। इसके बाद वह सिपाही और एक दरोगा के समक्ष पेश होकर वापस लौट रहे थे।
प्रधान ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्राम प्रधान गुरविंदर सिंह ने पुलिस पर तमाम आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना और घटना को अंजाम देने वाले आरोपी रोड किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। इस बीच अस्पताल में सीओ पीपी सिंह समेत कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा करने वालों को शांत किया। सीओ का कहना है कि फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोपों को दरकिनार करते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच हो रही है। घटना को अंजाम देने वाले लोगों को तलाशा जा रहा है।
पुलिस का बयान
शरीफ अहमद को दो बाइक सवारों ने थाने से लौटते वक्त गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। हत्या की वजह जानने की कोशिश हो रही है। सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों कोगिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अनुराग सिंह एएसपी