मुरादाबाद। मैनाठेर थानाक्षेत्र में 24 अक्तूबर को डीजल डालकर जलाई गई सीआरपीएफ कर्मी की पत्नी ने दिल्ली के सफरदरजंग अस्पताल में शनिवार सुबह आठ बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक दिन पहले ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा था। इस मामले में अन्य ससुरालियां फरार हैं।
दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के मोहल्ला छज्जूमल कालोनी नागलोई निवासी निगहत ने करीब दो साल पहले मैनाठेर के गांव नानकार निवासी इंतजार हुसैन से प्रेम विवाह किया था। इंतजार हुसैन सीआरपीएफ में कार्यरत है। निगहत की मां शाहिन ने 25 अक्तूबर को मैनाठेर थाने में तहरीर में दी थी। जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को पति और ससुराल वाले शादी के बाद से दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। कई बार पंचायत होने पर बाद भी आरोपियों ने बेटी पर अत्याचार कम नहीं किया था। आरोप लगाया कि 24 अक्टूबर को सुबह करीब आठ बजे पति और अन्य ससुरालियों ने मिलकर निगहत को कमरे में बंधक बना लिया। मारने पीटने के बाद उसके ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति इंतजार हुसैन, ससुर जर्जार, सास आसमा, ननद नजमा, नंदोई हारुन, जेठ इंतकाब और जेठानी शाहिन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था। मुरादाबाद से गंभीर हालत में निगहत को दिल्ली रेफर कर दिया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी पति इंतजार हुसैन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से जेल भेज दिया गया था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे सफदरगंज अस्पताल में उपचार के दौरान निकहत की मौत हो गई।