मुरादाबाद: हम दो, हमारे दो दर्जन नारे से गरमाई सियासत, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के बयान पर बवाल
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने मुरादाबाद में सभा के दौरान हम दो, हमारे दो दर्जन का नारा देते हुए अधिक बच्चे पैदा करने की वकालत की। कहा कि आबादी बढ़ने से देश मजबूत होता है। उन्होंने मुस्लिम उत्पीड़न, मदरसों पर कार्रवाई, मॉब लिंचिंग और असुरक्षा के मुद्दों को उठाने की बात कही।
विस्तार
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने हम दो, हमारे दो दर्जन...का चौंकाने वाला नारा दिया है। मुलमानों को इस पर अमल की नसीहत भी दी है।
रविवार देर रात रामपुर दोराहा पर सभा करते हुए कहा कि उनके आठ और उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं। जब अल्लाह बच्चे देता है तो स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आबादी बढ़ने से देश मजबूत होता है, चीन इसका उदाहरण है।
मुस्लिम आबादी बढ़ने की चिंता की बात निराधार है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग शादी नहीं करते, वही अक्सर दूसरों को जनसंख्या पर सलाह देते हैं।
शौकत अली ने हिंदुओं को भी अधिक बच्चे पैदा करने की सलाह दी। मुसलमानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि कई स्थानों पर मदरसे बंद कर आतंकवाद से नाम जोड़ा जा रहा है।
मुस्लिम लड़कियों के नकाब खींचे जाते हैं। दाढ़ी वालों से दुर्व्यवहार होता है। मीट का हवाला देकर मॉब लिंचिंग होती है। मुसलमानों के लिए ट्रेन और बस का सफर तक सुरक्षित नहीं रहा। हम इन सभी मुद्दों पर आवाज उठाते रहेंगे।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मोहित फरगनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष वकी रशीद, प्रदेश सचिव जकी रायनी और संगठन मंत्री मो. इकबाल आदि मौजूद रहे।
