Moradabad:नाले में डुबोकर फर्मकर्मी की हत्या, छह माह बाद बहन के देवर पर केस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल
Moradabad Manju Murder Case: फर्मकर्मी मंजू की हत्या के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पिता की तहरीर पर बहन के देवर के खिलाफ छह माह बाद नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर ही है।
विस्तार
कटघर थानाक्षेत्र में फर्मकर्मी की नाले में डुबोकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने छह माह बाद पिता की तहरीर पर बहन के देवर पर केस दर्ज किया गया है। बिलारी के दोहरी गांव निवासी तेजभान सिंह उर्फ कल्लू ने रामपुर के पटवाई थानाक्षेत्र के जोलपुर निवासी तेज रतन के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जिसमें उन्होंने बताया कि उनका बेटा मंजू (27) अपनी पत्नी शीतल के साथ पंडित नगला में किराये के मकान में रहता था। वह यहां रहकर फर्म में काम करता था। एक जनवरी 2025 की शाम करीब साढ़े चार बजे मंजू की लाश पंडित नगला में नाले में पड़ी मिली था।
तेजभान सिंह ने बताया कि मेरी बेटी राजबाला का देवर तेज रतन मंजू से रंजिश रखता था। उसने ही नाले में डुबोकर मेरे बेटे की हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया था। इस मामले की शिकायत कटघर थाने में की गई थी लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।
इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की और प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। तब एसएसपी के आदेश पर कटघर थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई थी। अब पिता ने हत्या के मामले में केस दर्ज कराया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार
कांठ में दहेज हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित इंदिरा नगर मोहम्मदी चौक निवासी जियाउद्दीन कुरैशी ने तीन साल पहले अपनी बेटी सना उर्फ नेहा कुरैशी की शादी कांठ थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी मोहम्मद खालिद से की थी।
आरोप है कि खालिद और उसके परिवार के सदस्य सना को दहेज के लिए परेशान करते थे। इससे पहले भी उसे गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की गई थी। 27 मई को दोपहर में खालिद की मां नूरजहां का जियाउद्दीन कुरैशी को फोन आया कि वह जल्दी गढ़ी आकर मिलें। जब वह परिजनों के साथ पहुंचे तो देखा कि सना मृत अवस्था में पड़ी थी।
उसके गले पर रस्सी के गहरे निशान थे। इस मामले में 30 मई को मोहम्मद खालिद, साजिद, राजदा, डॉ. जाहिद, शबाना, मुशाहिद और रिहाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बुधवार को कांठ पुलिस ने मृतका के पति मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।