Moradabad: जुर्माने के बाद भी बुध बाजार में चल रहे काम में तेजी नहीं, अब कंपनी का अनुबंध निरस्त करने की तैयारी
अधिकारियों ने बताया कि बुध बाजार में स्मार्ट सिटी के तहत कार्य चल रहा है। इसकी रफ्तार बेहद सुस्त है। इसकी शिकायत कारोबारी कई बार कर चुके हैं। अब तक बाजार क्षेत्र से बिजली के तार उतारने तक का काम नहीं हो पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंडलायुक्त और नगर आयुक्त द्वारा चार बार कड़े निर्देश दिए जाने, एक बार जुर्माना लगाने के बाद भी बुध बाजार में काम में तेजी न लाने वाली रिलायंस इलेक्ट्रिकल्स कंपनी का अब कांट्रैक्ट निरस्त होगा। नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ संजय चौहान ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड की प्रगतिशील परियोजनाओं से संबंधित कार्यदायी एजेंसी, वेंडरों के कार्यों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता यूपीपीवीएनएल को दे दिए हैं।
समीक्षा में पाया गया कि संबंधित कंपनी द्वारा चार नवंबर से बुध बाजार में बिजली के तार उतारने का काम ठप बंद रखा है, जिसकी वजह से न सिर्फ स्मार्ट रोड नेटवर्क का काम प्रभावित है, बल्कि व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है। पीलीकोठी स्थित कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के स्मार्ट रोड नेटवर्क कार्य की समीक्षा की। नगर के अन्य क्षेत्रों में पॉवर सप्लाई स्काडा परियोजना के अंतर्गत मैसर्स रिलायंस इलेक्टि्रकल द्वारा बिजली पोल की शिफ्टिंग और तारों को अंडरग्राउंड करने का काम काफी धीमी गति से शुरू से किया गया।
मंडलायुक्त द्वारा दो बार की गई समीक्षा और नगर आयुक्त द्वारा चार बार की गई समीक्षा में दिए गए निर्देश का भी पालन कंपनी ने नहीं किया। जिसकी वजह से बुध बाजार के व्यापारियों व शहर के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग और शासन की भी क्षवि भी खराब हो रही है। अब चार नवंबर 2023 से कंपनी का काम भी बंद है। इससे अन्य कार्य भी पिछड़ रहे हैं।
इसे गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने यूपीपीवीएनएल के अधीक्षण और अधिशासी अभियंता को विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए कंपनी का कांट्रैक्ट समाप्त करने तथा किसी अन्य एजेंसी से शेष काम कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता और अर्बन प्लानर को निर्देश दिए कि स्मार्ट रोड नेटवर्क अंतर्गत नगर की वह सड़कें, जहां पर यूपीआरएनएनएल द्वारा स्मार्ट रोड नेटवर्क परियोजना का कार्य तथा यूपीपीवीएनएनएल द्वारा पॉवर सप्लाई का कार्य किया जाना है, उसको चिह्नित करते हुए दोनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित करें।
एक्सपर्ट प्रतिदिन निरीक्षण कर भेजेंगे रिपोर्ट
बैठक में नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के एक्सपर्ट को निर्देश दिया कि वह मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड की धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण प्रतिदिन कर अपनी रिपोर्ट जीओ टैग फोटोग्राफ समेत स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता के माध्यम से भेजेंगे। इसके लिए 15 दिन का रूट चार्ट भी शुक्रवार को बनाकर देंगे।
विवादित नाले की नाप के लिए एक को जाएगी टीम
बैठक में स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता एके मित्तल ने बताया कि शहर के ड्रेनेज सिस्टम के कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर नाले के निर्माण में भूमि को लेकर विवाद हो रहा है। नगर आयुक्त ने इस संबंध में एसडीएम सदर से बात की। जिस पर एक दिसंबर को स्थल पर मार्किंग के लिए टीम भेजने का आश्वासन दिया।
स्ट्रीट लाइट लगाने वाली एजेंसी को चेतावनी
स्ट्रीट लाइट स्काडा परियोजना का कार्य कर रही एजेंसी मै. ईईएसएल की प्रगति काफी धीमी पाई गई। सहायक अभियंता जल कल बीआर अशोक को निर्देश दिया गया कि वह एजेंसी को इसके लिए पत्र जारी करें। उसमें इस आशय का उल्लेख भी करें कि इसके लिए कोई अतिरिक्त समयवृद्धि नहीं की जाएगी। एक सप्ताह में सुधार न होने पर एजेंसी का कांट्रैक्ट निरस्त कर अवशेष कार्य किसी अन्य एजेंसी से कराने पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
नगर आयुक्त द्वारा ली गई बैठक में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी एके मिश्रा, मुख्य अभियंता एके मित्तल, अपर परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लि. के डीएस राणा, अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल मुनीष चोपड़ा, अधिशासी अभियंता ईयूडीडी-प्रथम शैलेंद्र गौतम, परियोजना प्रबंधक सुबोध कुमार आदि मौजूद रहे।