Moradabad: सड़क किनारे मिला युवक का शव, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका, परिजनों में कोहराम
बिलारी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे युवक का शव मिला। पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका जताई है। मोहित शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात घर लौट रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
बिलारी थाना क्षेत्र में सिरसी रोड पर ग्वालखेड़ा गांव के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहित सिंह (24) पुत्र सुखबीर सिंह, निवासी नगला सालार, थाना कुंदरकी के रूप में हुई। उसके शरीर पर एक हाथ और एक टांग में चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका जताई है।
सूचना पर सीओ बिलारी राजेश तिवारी और थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद कर पहचान की, जिसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मोहित मंगलवार रात तीन किलोमीटर दूर एक मैरिज हॉल में गांव के युवक की शादी में शामिल होने आया था और आधी रात के बाद 12 बजे वहां से निकला था।
सीओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मोहित संभल में एक शैंपू कंपनी में फील्ड ऑफिसर के रूप में कार्यरत था। तीन साल पहले उसके पिता सुखबीर सिंह की मृत्यु हो चुकी है। परिवार में मां प्रीति देवी, बड़ा भाई शोभित और दो शादीशुदा बहनें दीक्षा व स्वाति हैं।
मृतक के फुफेरे भाई विक्की चौधरी ने बिलारी पुलिस को तहरीर देकर मौत की सही वजह पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।